चेन्नई, 06 फरवरी (वार्ता) एंथनी मोस्का (56) और जस्टिन मोस्का (48) की शानदार बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत इटली ने शुक्रवार को विश्वकप से पहले खेले गये अभ्यास मैच में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 112 रनों से शिकस्त दी। आज यहां टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी इटली ने 20 ओवर में सात विकेट पर 193 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने के बाद यूएई को सिर्फ 81 रन पर समेट कर 112 रन की बड़ी जीत दर्ज की। इटली के बड़े टोटल की नींव मोस्का भाइयों ने रखी। एंथनी मोस्का ने 22 गेंदों में 55 रन बनाए, जबकि जस्टिन मोस्का ने 36 गेंदों में 48 रन बनाए। ग्रांट स्टीवर्ट और हैरी मैनेंटी की जोड़ी ने तेजी से 29 रन बनाए, जिससे इटली ने बड़ा स्कोर बना सका।
इसके लिए स्टीवर्ट और क्रिशन कालूगामेज ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि ऑलराउंडर जेजे स्मट्स को दो विकेट मिले। यूएई का बल्लेबाजी का प्रदर्शन खराब रहा। टीम के लिए मुहम्मद फारूक ने सबसे ज़्यादा 23 रन बनाए। एक समय वे 8 विकेट पर 35 रन पर थे, जिसके बाद फारूक और मोहम्मद जोहैब (16) ने नौवें विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी की। आर्यंष शर्मा ने 15 रन बनाये। यूएई के केवल तीन बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच पाए।
