जबलपुर: तिलवारा थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ है। तिलवारा पुल के ऊपर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल से जा रहे एक परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी गोद में मौजूद 6 माह का मासूम बच्चा घायल हो गया है जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जहां उसकी भी हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
पुल से नीचे जा गिरी महिला, पति को कुचलते हुए निकला वाहन-
तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा के अनुसार बुधवार रात करीब 9:30 बजे पिकअप वाहन जबलपुर से नागपुर की ओर जा रहा था। चालक वाहन को बेहद लापरवाही और तेज गति से चला रहा था, जिसके चलते पुल पर वह बाइक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर पीछे बैठी महिला उछलकर सीधे पुल से नीचे गिर गई। वहीं, बाइक चला रहे युवक को पिकअप कुचलते हुए आगे निकल गया। दोनों की मौके पर ही सांसे थम गईं।
6 माह का मासूम घायल, मौत और जिंदगी के बीच जूझ रहा
महिला की गोद में उसका 6 माह का बच्चा था। जब महिला पुल से नीचे गिरी, तब भी बच्चा सुरक्षित रहा। हालांकि, उसे चोटें आई हैं, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भगवान की कृपा से ही मासूम की जान बच सकी। हालांकि वह मौत और जिंदगी के बीच जूझ रहा
देर रात तक शिनाख्त की कोशिश जारी-
पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शुरुआती जांच में मृतक पति-पत्नी बताए जा रहे हैं, जिनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के जिलों और थानों में सूचना भेजकर मृतकों की शिनाख्त करने के प्रयास कर रही है। पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
