नशा मुक्त समाज के लिए आगे आएंगे नव आरक्षक

भोपाल। अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस ने उज्जैन स्थित पुलिस प्रशिक्षण शाला में छठे नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण सत्र के दौरान विशेष जागरूकता कार्यशाला आयोजित कर नव आरक्षकों को नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया। कार्यशाला का मुख्य संदेश था कि नशे से दूरी ही अपराध और सामाजिक बुराइयों से सबसे बड़ी सुरक्षा है।

कार्यशाला का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक मनीषा पाठक सोनी ने किया। उन्होंने मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, नशा मुक्त जीवन के महत्व तथा समाज में जनजागरूकता बढ़ाने में पुलिस की जिम्मेदारी पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों को कानून लागू करने के साथ-साथ समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने में भी अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), इंदौर के निरीक्षक गौरव जायसवाल ने प्रशिक्षुओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव, अवैध तस्करी के तौर-तरीकों तथा नशे से उत्पन्न सामाजिक, आर्थिक और नैतिक समस्याओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अवैध मादक पदार्थ कारोबार से जुड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

प्रतिभागियों को मादक पदार्थों से संबंधित सूचना देने के लिए संचालित टोल-फ्री हेल्पलाइन 1933 की जानकारी दी गई और नागरिकों से इस हेल्पलाइन का अधिकाधिक उपयोग कर नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में युवाओं से अपील की गई कि वे स्वयं नशीले पदार्थों से दूर रहें, अपने साथियों को भी नशे की लत से बचाएं तथा स्वस्थ, सुरक्षित और नशा मुक्त समाज के निर्माण में योगदान दें।

कार्यशाला के समापन पर नव आरक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली। उन्होंने स्वयं नशीले पदार्थों से दूर रहने, समाज में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

 

 

 

Next Post

अवैध उगाही को लेकर गुंडों ने मचाया उपद्रव, 5 बसों में तोड़फोड़, मारपीट

Sun Jun 28 , 2026
इंदौर:महानगर के अलग-अलग इलाकों में धड़ल्ले से चल रहे अवैध वसूली और अनधिकृत एजेंटों के सिंडिकेट ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी है. छोटी ग्वालटोली, तिलकनगर, भंवरकुआं और संयोगितागंज थाना क्षेत्रों में बीते तीन दिनों के भीतर उपद्रवियों ने खौफ पैदा करते हुए 5 यात्री बसों को निशाना बनाया […]

You May Like