
नीमच। जिले के नवागत एसपी राजेश व्यास ने शुक्रवार को विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने प्रसिद्ध भादवा माता मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।
तस्करों और भू-माफियाओं के खिलाफ चलेगा अभियान
एसपी व्यास ने पदभार ग्रहण करते ही मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि अफीम बेल्ट होने के कारण नशे के विरुद्ध मुख्यमंत्री के अभियान को गति दी जाएगी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अनुशासन और जनसेवा प्राथमिकता
अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक के बाद एसपी ने पुलिस बल को अनुशासित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय दिलाना और शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करना होगा।
नवागत एसपी ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गैर-कानूनी कार्यों में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस बल पूरी क्षमता के साथ सख्त वैधानिक कदम उठाएगा।
तबादले के पांच दिन बाद कार्यभार ग्रहण किया
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी 62 आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची में नीमच एसपी अंकित जायसवाल का स्थानांतरण किया गया था। उनके स्थान पर नियुक्त हुए राजेश व्यास ने सूची जारी होने के पांचवें दिन जिले की कमान संभाली है।
