लखनऊ, 9 अगस्त (वार्ता) भारतीय मध्यम तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का मानना है कि यूपी टी-20 लीग युवा क्रिकेटरों को खुद को साबित करने और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटरों के अनुभवों से सीख लेने का महत्वपूर्ण मंच है।
14 अगस्त से शुरु होने वाली लीग के चौथे संस्करण से पहले लखनऊ फाल्कन्स के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने टीम के सदस्य आराध्य यादव के साथ रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में क्षेत्रीय लीग के प्रचलन की सराहना करते हुये कहा कि निश्चित रुप से इस परंपरा से युवा प्रतिभायें निखर कर सामने आयेंगी और उन्हे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा करने का मौका मिलेगा।
उन्होने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट में उन्हें अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने का अवसर मिलता है। इससे युवा खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां सीखने और अपनी क्षमता साबित करने का मौका मिलता है। इस लीग से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। यहां अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अपनी पहचान बना सकते हैं और आने वाले समय में इनमें से कई खिलाड़ी आईपीएल और भारतीय टीम तक पहुंच सकते हैं।
भुवनेश्वर ने स्वीकार किया कि उनकी टीम पिछले सत्रों में शुरुआती दौर पर बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद निरंतरता के अभाव में खिताबी दौड़ में पिछड़ रही है। उन्होने इस बार खिताब जीतने की उम्मीद जताते हुये कहा कि पिछले सत्र के अनुभव से सीख लेते हुए टीम ने इस बार बेहतर संयोजन तैयार किया है और उसका लक्ष्य ट्रॉफी अपने नाम करना है।
उन्होंने यूपीसीए की ओर से लखनऊ और कानपुर में मुकाबले आयोजित किए जाने को भी सकारात्मक कदम बताया। इससे दोनों शहरों के क्रिकेट प्रशंसकों को अपनी टीमों और खिलाड़ियों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा और प्रदेश में क्रिकेट को और बढ़ावा मिलेगा।
लखनऊ फाल्कन्स के युवा खिलाड़ी आराध्य यादव ने भी लीग को अपने क्रिकेट करियर के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर कुमार जैसे अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी सीख है। आराध्य ने कहा कि मैदान पर प्रदर्शन के अलावा सीनियर खिलाड़ियों की तैयारी, दबाव से निपटने और मैच की परिस्थितियों को समझने के तरीके से भी काफी कुछ सीखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस सीजन को लेकर टीम के युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह है।
लखनऊ फाल्कन्स की तैयारियों पर बात करते हुए भुवनेश्वर ने कहा कि इस बार टीम में कुछ बदलाव किए गए हैं और खिलाड़ियों का बेहतर संयोजन तैयार करने पर काम किया गया है। टीम अपनी पिछली कमियों से सीख लेकर मैदान में उतरेगी और कोशिश होगी कि इस बार अभियान को खिताबी जीत तक पहुंचाया जाए।
