कृति सेनन ने डॉटर्स डे पर शेयर किया भावुक पोस्ट, बोलीं- जब बेटियां सुरक्षित महसूस करें, तब मनाना बेटी दिवस

मुंबई, डॉटर्स डे पर कृति सेनन ने बेटियों की सुरक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया। उन्होंने कहा कि लड़कियों को ऐसी दुनिया मिलनी चाहिए, जहां वे रात में अकेले घर लौट सकें।

डॉटर्स डे के मौके पर एक्ट्रेस कृति सेनन ने बेटियों की सुरक्षा और उनकी आजादी को लेकर सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर किया है। 27 सितंबर को डॉटर्स डे के अवसर पर कृति ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट लिखा, जिसमें उन्होंने बताया कि आज भी कई लड़कियों को घर से बाहर निकलते समय अपनी सुरक्षा को लेकर कई तरह की सावधानियां बरतनी पड़ती हैं।

एक्ट्रेस ने कहा कि बेटियों को ऐसी दुनिया मिलनी चाहिए, जहां वे बिना किसी डर के अपनी जिंदगी जी सकें। कृति सेनन ने अपने पोस्ट में एक स्थिति की कल्पना करने को कहा। उन्होंने लिखा कि सोचिए आपकी बेटी रात में अकेले घर लौट रही है और आपको फोन करके कहती है कि उसे लग रहा है कि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे हैं। वह बार-बार पीछे मुड़कर देख रही है और घर पहुंचने से पहले उसका फोन बंद हो जाता है।

बिना डर के जी सकें बेटियां
कृति ने लोगों से इस स्थिति के बारे में सोचने की अपील की। एक्ट्रेस ने आगे बताया कि लड़कियों को अक्सर अपनी सुरक्षा के लिए लाइव लोकेशन शेयर करने, पेपर स्प्रे साथ रखने, पैदल जाने के बजाय कैब बुक करने या सुरक्षित महसूस करने के लिए किसी को फोन करने जैसी चीजों का सहारा लेना पड़ता है।

कृति ने अपने पोस्ट में उस दुनिया की कल्पना की, जहां कोई बेटी रात में अकेले घर लौट सके, अंधेरा होने के बाद पार्क में बैठ सके, अपनी पसंद के कपड़े पहन सके और बिना डर के पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल कर सके। उन्होंने कहा कि जिस दिन बेटियां सार्वजनिक जगहों पर खुद को सुरक्षित महसूस करेंगी, उसी दिन असल मायने में डॉटर्स डे मनाना चाहिए।

उन्हें ऐसी दुनिया देना हमारी जिम्मेदारी
कृति सेनन ने उन सभी बेटियों का भी जिक्र किया, जो घर पहुंचने के बाद अपने परिवार को फोन करके कहती हैं, ‘मैं पहुंच गई हूं।’ उन्होंने उम्मीद जताई कि एक दिन ऐसी स्थिति आएगी, जब बेटियों को सुरक्षित होने की जानकारी देने के लिए इस तरह के फोन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

एक्ट्रेस ने कहा कि बेटियां ऐसी दुनिया की हकदार हैं, जहां वे डर के बजाय आजादी के साथ अपनी जिंदगी जी सकें। कृति का सोशल मीडिया पोस्ट डॉटर्स डे पर बेटियों की सुरक्षा को लेकर एक सामाजिक संदेश के तौर पर सामने आया है।

Next Post

फर्जी एपीके फाइल डाउनलोड कराकर छह लोगों से 4.90 लाख ठगे

Mon Sep 28 , 2026
इंदौर:साइबर ठगी के बाद समय पर शिकायत करना छह लोगों के लिए राहत लेकर आया. अलग-अलग बहानों से मोबाइल में फर्जी एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर ठगों ने इनके बैंक खातों से 4 लाख 90 हजार रुपए निकाल लिए थे. ठगी का पता चलते ही पीड़ितों ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और […]

You May Like