सतना :रामवन गमन पथ पर उचेहरा क्षेत्र अंतर्गत रविवार की सुबह हुए सडक़ हादसे में दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो गए. घटना का कारण उक्त मार्ग पर रांग साइड से चले आ रहे ट्रक की बस से सीधी भिड़ंत होने के तौर पर सामने आया. घायलों का उपचार जारी है.प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राम गमन पथ पर ट्रक क्रमांक सीजी 04 एन वाई 3763 और बस क्रमांक एमपी 09 एफए 9212 के बीच आमने सामने से टक्कर हो गई.
इस घटना के चलते बस के चालक और क्लीनर सहित उसमें सवार आरक्षक घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घटना होते ही ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरु कर दी गई. बताया गया कि ट्रक उक्त मार्ग पर गलत दिशा से तेज रफ्तार में चला आ रहा था.
धार से लौट रहा था बल
बसंत पंचमी के दिन राज्य के धार जिले में स्थित भोजशाला में सरस्वती पूजन को लेकर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश के मद्देनजर खासी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. जिसके लिए कई जिलों से पुलिस बल बुलाया गया था. इसी कड़ी में सतना जिले से भी आधा सैकड़ा पुलिस के जवान वहां भेजे गए थे. जहां पर ड्यूटी पूरी करने के बाद यह पुलिस बल वापस सतना के लिए लौट रहा था. चालक और क्लीनर सहित जो लोग आगे बैठे हुए थे उन्हें अधिक चोटें आईं.
