
भोपाल। हबीबगंज थाना पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन लाख रूपए की बैंक एटीएम मशीन की बैट्री जब्त की है. आरोपी शहर के चूनाभट्टी, टीलाजमालपुरा, पिपलानी, मिसरोद, कोलार, गोविन्दपुरा, टी.टी नगर, शाहपुरा, कमला नगर, अशोका गार्डन थाना इलाके में ए.टी.एम से बैट्री चोरी की वारदात कर चुका है. सी.सी.टी.व्ही कैमरे की मदद से पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा किया.
हबीबगंज थाना पुलिस के मुताबिक लगातार चोरी की गंभीर घटना की सूचना को लेकर विशेष टीम का गठन किया गया. इस दौरान घटना स्थलों को वीडियो फुटेज खंगालते हुए पुलिस ने आरोपी सारिम खान (37) निवासी टीलाजमालपुरा को चिन्हित किया. पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कोहेफिजा में है. तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा गया. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अलग-अलग थाना इलाकों में संचालित बैंकों के एटीएम से बैटरी चोरी करने की 19 वारदात स्वीकार की. पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 11 बैट्री जब्त की है. आरोपी को पुलिस रिमाण्ड पर लेकर पूछताछ की जा रही है.
मामले में शिकायतकर्ता रविन्द्र कुमार वर्मा (45) निवासी शाहपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई. फरियादी ने बताया कि वह पंजाब नेशनल बैंक में सिनियर मैनेजर के पद पर हैं. 8 मई को देर शाम बैंक के (शाहपुरा शाखा) परिसर 1100 क्वाटर हबीबंगज का बैंक आफिस बंद करके और एटीएम मशीन को चैक किया गया था. 9 -10 मई को शासकीय अवकाश होने से बैंक बंद थी. 11 मई को बैंक के बाहर लगी एटीएम मशीन बंद हो गई, तो इसे तकनीकी खराबी माना गया. यूपीएस चैक करने के लिये इंजीनियर को बुलाया गया तब इंजीनियर ने देखा कि एटीएम में लगने वाली यूपीएस 16 बैटरीयाँ नहीं थी. मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई.
