
नयी दिल्ली 24 अगस्त (वार्ता) भारतीय सुरक्षा एजेन्सियों ने लुधियाना के विफल ग्रेनेड हमले के आरोपी तीन भारतीय गैंगस्टरों को मलेशिया से निर्वासित कराने में सफलता हासिल कर उन्हें गिरफ्तार किया है। भारतीय एजेन्सियों ने इस वर्ष अब तक 51 कुख्यात अपराधियों को निर्वासित कराने में कामयाबी हासिल की है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारतीय एजेंसियों ने तीन भगोड़े भारतीय गैंगस्टरों को गिरफ्तार करवाया है, उन्हें मलेशिया से भारत निर्वासित कराकर पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
फरार आरोपियों, जसप्रीत सिंह, अजय सिंह और पवंदीप सिंह, के बंबीहा गैंग से जुड़े होने की बात कही गई है और उन पर जबरन वसूली, सीमा-पार हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी तथा लुधियाना में विफल किए गए ग्रेनेड हमले सहित कई अपराधों का आरोप है। गृह मंत्री ने कहा कि सुरक्षित भारत के विज़न के तहत एजेंसियों ने इस वर्ष अब तक 51 कुख्यात अपराधियों के निर्वासन में सफलता हासिल की है। उल्लेखनीय है कि इन तीनों को 19 अगस्त को यहां इंदिरा गांधी हवाई अड्डा पहुंचने पर गिरफ्तार करने के बाद लुधियाना ग्रेनेड हमले की जांच के लिए पंजाब ले जाया गया है। रिपोर्टों में कहा गया है कि इस गिरोह के सदस्यों के तार पाकिस्तान की खुफिया एजेन्सी आईएसआई से जुड़े हुए हैं।
