एमएसपी में वृद्धि का स्वागत, पर घोषणा मात्र से किसानों को न्याय नहीं मिलेगा: जीतू पटवारी

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्र सरकार द्वारा खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में की गई वृद्धि का स्वागत करते हुए कहा है कि केवल घोषणाएं करने से किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, जब तक कि बढ़ी हुई दरों का वास्तविक लाभ किसानों तक जमीन पर नहीं पहुंचे।

गुरुवार को जारी बयान में पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा किसानों की भावनाओं को समझने के लिए धन्यवाद, लेकिन देश और विशेष रूप से मध्यप्रदेश के किसान आज भी अपनी उपज का वास्तविक समर्थन मूल्य प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश में आखिर कौन-कौन सी फसलें वास्तव में एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं और केंद्र सरकार इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करे।

पटवारी ने केंद्रीय कृषि मंत्री से मांग की कि सरकारी खरीद के दावों का भौतिक सत्यापन कराया जाए तथा प्रदेश की कृषि मंडियों की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखी जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि दलहन, तिलहन, मोटे अनाज और सरसों जैसी अधिकांश खरीफ फसलें आज भी एमएसपी से कम दाम पर बिक रही हैं।

उन्होंने विशेष रूप से मूंग उत्पादक किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार बार-बार आश्वासन देती है, लेकिन किसान अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचने में असफल हैं। पटवारी ने कहा कि कर्ज और पारिवारिक जिम्मेदारियों से दबे किसान मजबूरी में औने-पौने दाम पर फसल बेचने को विवश हैं, जिसका लाभ व्यापारी और बिचौलिए उठा रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने मांग की कि एमएसपी से कम कीमत पर खरीद को दंडनीय अपराध घोषित किया जाए और किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी दी जाए।

Next Post

मंदिर मे चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने जब्त की दानपेटी

Thu May 14 , 2026
भोपाल। रातीबड थाना पुलिस ने मंदिर मे चोरी की घटना का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने चोरी गई दान पेटी, रुपये एवं घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं. पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की है. आरोपी दिन में सूने मंदिरो मे घुसकर चोरी […]

You May Like

मनोरंजन