बंगाल में रिलीज होगी संजय दत्त की ‘आखिरी सवाल’, Mithun Chakraborty बोले- अब ‘द बंगाल फाइल्स’ भी आएगी

मिथुन चक्रवर्ती ने ‘आखिरी सवाल’ की बंगाल रिलीज का ऐलान करते हुए कहा कि अब ‘द बंगाल फाइल्स’ भी रिलीज होगी। फिल्म बाबरी मस्जिद और RSS से जुड़े मुद्दों पर आधारित है।

निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग की हिंदी फिल्म ‘आखिरी सवाल’ की पश्चिम बंगाल में रिलीज की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फिल्म का ट्रेलर भी मीडिया और दर्शकों को दिखाया गया। पूरा कार्यक्रम बंगाल के बदले हुए राजनीतिक माहौल और फिल्म की संवेदनशील विषयवस्तु को लेकर चर्चाओं में रहा।

फिल्म की कहानी बाबरी मस्जिद विध्वंस, आरएसएस की भूमिका और इससे जुड़े राजनीतिक-ऐतिहासिक विमर्श पर आधारित है। फिल्म में संजय दत्त महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। हालांकि, संजय दत्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद नहीं थे। कार्यक्रम में भाजपा नेता और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती उपस्थित रहे। उनके बेटे नमाशी चक्रवर्ती फिल्म में अहम किरदार निभा रहे हैं। अभिनेत्री समीरा रेड्डी भी फिल्म का हिस्सा हैं।

फिल्म की स्क्रिप्ट
निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग ने बताया कि आने वाले समय में मिथुन चक्रवर्ती और नमाशी चक्रवर्ती पहली बार साथ में बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। नई फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार है और चुनाव के बाद मिथुन दा की तारीखों का इंतजार था। ट्रेलर दिखाए जाने पर दर्शकों और समर्थकों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी, जिसे लेकर हम उत्साहित हैं।

द बंगाल फाइल्स भी होगी रिलीज
मंच से कहा गया कि ‘द बंगाल फाइल्स’ जैसी फिल्मों को पहले बंगाल में रिलीज नहीं होने दिया गया था, लेकिन अब सत्ता परिवर्तन के बाद ‘आखिरी सवाल’ बंगाल में रिलीज होने जा रही है। मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि अब सिर्फ ‘आखिरी सवाल’ ही नहीं, बल्कि ‘द बंगाल फाइल्स’ भी बंगाल में रिलीज होगी। उन्होंने फिल्म को ‘वो सच्चाई’ बताया जिसे देश को जानना चाहिए।

सोनार बांग्ला का सपना होगा साकार
मिथुन ने कहा कि बंगाल में अब ‘सोनार बांग्ला’ का सपना साकार होगा और राज्य विकास की नई राह पर चलेगा। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि वर्षों तक बंगाल की राजनीति को ध्रुवीकरण और मुस्लिम वोट बैंक के आधार पर चलाया गया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने साबित कर दिया है कि ‘मुस्लिम वोट के बिना भी बंगाल में सरकार बन सकती है। चुनाव बाद हिंसा को लेकर ममता बनर्जी से जुड़े एक सवाल के जवाब में मिथुन ने कहा कि जनता अपना फैसला दे चुकी है, अब उनके सवाल पूछने से कोई फर्क नहीं पड़ता।

Next Post

देवास पटाखा फैक्ट्री हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हुई, पुलिस ने दो और आरोपियों एजाज और गुड्डू को किया गिरफ्तार

Fri May 15 , 2026
देवास। टोंककला स्थित पटाखा फैक्ट्री हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल अमर जाटव और गुड्डू की अमलतास अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद मृतकों का आंकड़ा पांच तक पहुंच गया है, जबकि कई घायलों की हालत […]

You May Like