अयोध्या | बॉलीवुड सुपरस्टार रणबीर कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें वे भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की रिलीज से पहले अभिनेता ने अयोध्या में एक बड़ा निवेश करते हुए सरयू नदी के किनारे स्थित ‘द सरयू’ प्रोजेक्ट में जमीन खरीदी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रणबीर ने 2,134 वर्ग फीट के इस प्लॉट के लिए 3.31 करोड़ रुपए का भुगतान किया है। अभिनेता ने इस निवेश को अपने परिवार की भावी विरासत का हिस्सा बताया है और कहा कि अयोध्या की सांस्कृतिक महत्ता ने उन्हें यहां आने के लिए प्रेरित किया।
रणबीर कपूर ने ‘हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा’ के इस ऐतिहासिक प्रोजेक्ट में अपनी जगह पक्की की है, जो सरयू नदी के तट पर 75 एकड़ में फैला हुआ है। इस लैंडमार्क डेवलपमेंट प्रोजेक्ट में 35 से अधिक वैश्विक स्तर की लग्जरी सुविधाएं, भव्य क्लब हाउस और 5 एकड़ में फैला एक आलीशान होटल भी शामिल है। रणबीर से पहले सदी के महानायक अमिताभ बच्चन भी इसी प्रोजेक्ट में भारी निवेश कर चुके हैं, जिससे यह क्षेत्र अब बॉलीवुड हस्तियों के लिए निवेश का सबसे पसंदीदा केंद्र बनकर उभरा है।
रणबीर कपूर की यह फिल्म नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही है, जिसे भारतीय सिनेमा का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट माना जा रहा है। फिल्म में रणबीर के साथ साउथ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं, जबकि ‘केजीएफ’ स्टार यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में अपनी छाप छोड़ेंगे। अयोध्या में जमीन खरीदने के रणबीर के फैसले को उनकी इस धार्मिक फिल्म और अयोध्या के प्रति उनके गहरे लगाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

