हैदराबाद, (वार्ता) बोल्डर हिल्स गोल्फ एंड कंट्री क्लब तथा डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) के संयुक्त तत्वावधान में ‘बॉल्डर्स क्लासिक’ के प्रथम संस्करण का आयोजन 14 से 17 अप्रैल 2026 तक बोल्डर हिल्स गोल्फ एंड कंट्री क्लब, हैदराबाद में किया जाएगा।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई भारत में पुरुष पेशेवर गोल्फ की आधिकारिक संचालन एवं मान्यता प्रदान करने वाली संस्था है।
एक करोड़ रुपये की कुल पुरस्कार राशि वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के माध्यम से डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पहली बार बोल्डर हिल्स गोल्फ एंड कंट्री क्लब में अपने आयोजन की शुरुआत कर रहा है।
इस प्रतियोगिता में भारत एवं विदेशों से कुल 132 पेशेवर गोल्फर हिस्सा लेंगे, जिससे यह डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई कैलेंडर के प्रमुख और बहुप्रतीक्षित आयोजनों में शामिल हो गया है। स्ट्रोक प्ले प्रारूप में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में देश के शीर्ष खिलाड़ियों के बीच उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।
टूर्नामेंट में भारत के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शुभंकर शर्मा (दो बार डीपी वर्ल्ड टूर विजेता) और युवराज संधू (डीपी वर्ल्ड टूर के नियमित खिलाड़ी तथा 2025 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन) मुख्य आकर्षण होंगे। इनके अलावा 2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में अग्रणी सप्तक तलवार, वीर अहलावत, ओम प्रकाश चौहान, मनु गंधास, हनी बैसोया और अजीतेश संधू सहित कई प्रमुख भारतीय पेशेवर भी भाग लेंगे।
विदेशी खिलाड़ियों में श्रीलंका के एन. थंगराजा प्रमुख नाम हैं। इस आयोजन में 10 देशों से 20 विदेशी खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। स्थानीय चुनौती का नेतृत्व हैदराबाद के पेशेवर खिलाड़ी मोहम्मद अजहर, विशेष शर्मा, सैयद सफदर हुसैन, एसएनएलजी वरम राजू, सुमित कोटवाल और अनिरुद्ध कामिरेड्डीपल्ली करेंगे।
