जबलपुर: बरगी थाना अंतर्गत खमरिया तिराहा पर एक ढोंगी बाबा ने तंत्र-मंत्र का जाल बिछाकर सीमेंट फैक्ट्री के सुपरवाइजर को 5 करोड़ रुपये मिलने का झांसा दिया और उसकी जेब में रखे 28 हजार रुपये लेकर रफूचक्कर हो गया। ठग बाबा अपने साथी के साथ यूपी पासिंग की बलेनो कार में सवार होकर सिवनी की ओर फरार हो गया।पुलिस के मुताबिक पवन कुमार पटेल (33) निवासी मंशी मोहल्ला बरगी, योधा सीमेंट फैक्ट्री निगरी में सुपरवाइजर हैं।
बीती रात 11 बजे वह अपने परिचित चेतराम सरोते (60) के साथ बाइक एमपी 20 एन एन 2503 से सीमेंट दिलाने जा रहे थे। चेतराम के सीमेंट खरीदने के 28 हजार रुपये पवन की जेब में थे। जैसे ही वे खमरिया तिराहा नागपुर एन एच 34 पहुँचे, गुलाबी लुंगी और कुर्ता पहने एक व्यक्ति ने हाथ देकर उन्हें रोका। बाबा ने कहा कि उसे भूख लगी है, खाना खाने के लिए पैसे दे दो। पवन ने जैसे ही पर्स से 10 रुपये निकाले, बाबा ने हाथ की सफाई का खेल शुरू कर दिया।
सिर में हाथ फेर बोला, 5 करोड़ मिलने वाले हैं-
बाबा ने जमीन से मिट्टी उठाकर पवन की मुट्ठी में बंद करवाई और मंत्र पढ़ने लगा। जब मुट्ठी खुली तो मिट्टी काली रेत में बदल चुकी थी। इसके बाद बाबा ने पवन के सिर पर हाथ फेरकर कहा, तुम्हें 5 करोड़ रुपये मिलने वाले हैं। तुम्हारे पास जो पैसे हैं लाओ, उन्हें शुद्ध कर देता हूँ। 5 करोड़ के भारी-भरकम प्रलोभन में आकर पवन ने सीमेंट के लिए रखे 28 हजार रुपये बाबा के हाथ में रख दिए। बाबा ने पैसे हाथ में लिए, मंत्र बुदबुदाया और देखते ही देखते सड़क किनारे पहले से खड़ी एक सफेद बलेनो कार येपी 14 डीई 4939 में जा बैठा। कार में उसका एक साथी पहले से गेट खोलकर तैयार खड़ा था। पलक झपकते ही आरोपी सिवनी की ओर भाग निकले। धोखाधड़ी का अहसास हुआ तो पीड़ित ने थाने पहुँचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
