मुम्बई, 04 नवंबर (वार्ता) महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 की शुरुआत 14 जनवरी से होगी। टूर्नामेंट के पहले मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना वडोदरा में मुंबई इंडियंस से होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को डब्ल्यूपीएल के पांचवें सीजन का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया। यह देश की प्रमुख फ्रेंचाइजी-आधारित टी-20 क्रिकेट लीग है।
महिला प्रीमियर लीग सीजन के शुरुआती 11 मैच वडोदरा में खेले जाएंगे, जबकि अगले 11 मैचों की मेजबानी मुंबई करेगा, जिसमें सात फरवरी को होने वाला फाइनल भी शामिल है।
डब्ल्यूपीएल की पांच टीमें – मुंबई इंडियंस , रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली कैपिटल्स , गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स लीग चरण के दौरान एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मैच खेलेंगी। यह चरण 3 फरवरी को समाप्त होगा।
टॉप पर रहने वाली टीम सीधे 7 फरवरी को होने वाले डब्ल्यूपीएल 2027 के फाइनल में पहुंच जाएगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें फाइनल में जगह बनाने के मौके के लिए 5 फरवरी को एलिमिनेटर मैच खेलेंगी।
डब्ल्यूपीएल 2027 का हर मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। पूरे सीजन में हर दिन केवल एक ही मैच खेला जाएगा।
