
इंदौर. स्वच्छता में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाने वाला इंदौर अब यातायात के क्षेत्र में भी नंबर वन बनने की तैयारी कर रहा है. शहर में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और नशे में वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए तकनीक आधारित नवाचार की पहल की जा रही है. इसके तहत सार्वजनिक परिवहन के वाहनों में अल्कोहल इग्निशन इंटरलॉक डिवाइस लगाने के लिए वाहन संचालकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है. इस तकनीक की खासियत यह है कि चालक के शराब पीने की स्थिति में वाहन स्टार्ट होने से रोका जा सकता है.
डिवाइस वाहन के स्टार्टिंग सिस्टम से जुड़ा होता है. चालक को वाहन स्टार्ट करने से पहले इसमें फूंक मारकर सांस की जांच करानी होती है. जांच में निर्धारित सीमा से अधिक अल्कोहल मिलने पर इंजन चालू नहीं होता. इससे नशे में वाहन लेकर सड़क पर उतरने वाले चालक को शुरुआत में ही रोका जा सकता है. सार्वजनिक परिवहन में इस तकनीक का इस्तेमाल यात्रियों की सुरक्षा की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है.
चेकिंग में सामने आई नशे में बस चलाने की स्थिति…
यातायात पुलिस की हालिया जांच में भी नशे में बस चलाने के मामले सामने आए हैं. पिछले दिनों शहर के अलग अलग चौराहों पर चलाए गए सरप्राइज ब्रीथ एनालाइजर चेकिंग अभियान में 25 से अधिक बसों की जांच की थी. इस दौरान नशे में बस चलाने के मामलों में कार्रवाई करते हुए कुछ बसें जब्त कर चालानी कार्रवाई की थी.
अब दो बसों में लगे डिवाइस…
इंदौर में इस तकनीक को अपनाने की शुरुआत एक बस संचालक ने की है. कपिल शर्मा ने अपनी चार बसों में से दो में यह डिवाइस लगवाया है, जबकि शेष दो बसों में इसे लगाने की प्रक्रिया चल रही है. डिवाइस दिल्ली से तैयार करवाया है. यातायात पुलिस की कोशिश है कि दूसरे वाहन संचालक भी यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस तरह की तकनीक अपनाने के लिए आगे आएं. स्कूल बसों सहित अन्य यात्री वाहनों में भी इसका उपयोग नशे में ड्राइविंग रोकने में मददगार हो सकता है. यदि सरकार इसे सभी सार्वजनिक परिवहन वाहनों में अनिवार्य करती है, तो सड़क सुरक्षा की दिशा में इसके दूरगामी परिणाम हो सकते हैं.
एसीपी जोन 4 यातायात सुप्रिया चौधरी ने बताया कि इंदौर शहर को यातायात के क्षेत्र में भी नंबर वन बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में इस तरह का नवाचार किया जा रहा है. यातायात विभाग वाहन संचालकों से अपील करता है कि वे इस तकनीक को अपनाने के लिए आगे आएं.
