
सीधी । एनएच-39 में आवारा मवेशी हादसों को आमंत्रण दे रहे हैं। सीधी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग के सोनवर्षा टोल प्लाजा के पास आवारा मवेशियों के झुंड से वाहन चालक परेशान हैं।
जिला मुख्यालय के समीपी सोनवर्षा टोल प्लाजा के सामने से आये एक वीडियो से टोल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। वीडियो में टोल प्लाजा के आसपास और वाहनों की आवाजाही वाले मार्ग पर आवारा मवेशी खुलेआम घूमते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही भी जारी है। सडक़ पर मवेशियों की मौजूदगी के कारण किसी भी समय गंभीर सडक़ हादसा होने की आशंका बनी हुई है। बताया जा रहा है कि टोल प्लाजा से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सडक़ पर अचानक मवेशियों के आ जाने से वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ सकता है जिससे पीछे चल रहे वाहनों के आपस में टकराने का खतरा भी बना रहता है। खासकर रात के समय कम दृश्यता के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। सामने आए वीडियो में टोल प्लाजा के समीप मवेशियों की मौजूदगी साफ दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि टोल क्षेत्र में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना बेहद जरूरी है। टोल प्लाजा के आसपास यदि आवारा मवेशियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है तो यह वाहन चालकों के साथ-साथ मवेशियों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। लोगों ने संबंधित विभाग और टोल प्रबंधन से मांग की है कि टोल प्लाजा क्षेत्र का निरीक्षण कर आवारा मवेशियों को हटाने तथा उनकी दोबारा सडक़ पर पहुंचने की स्थिति को रोकने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जाए।
००
टोल प्लाजा परिसर में पर्याप्त प्रकाश का अभाव
टोल प्लाजा परिसर में रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सडक़ सुरक्षा के अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं ताकि किसी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके। अब वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि टोल प्लाजा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले जिम्मेदारों द्वारा नियमित निगरानी क्यों नहीं की जा रही है। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
००
इनका कहना है
राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 के सोनवर्षा टोल प्लाजा परिसर में यदि आवारा मवेशियों का डेरा जमा हुआ है तो यह निश्चित ही बड़ी लापरवाही है। इस पर एनएच के जिम्मेदार अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिये।
बी.पी.पाण्डेय, एडीएम सीधी
०००००००००००००
