
रीवा, मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की रात तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया. पुलिस के समझाने पर करीब 3 घंटे बाद यातायात बहाल हो सका.
जानकारी के अनुसार मऊगंज जिले के शाहपुर निवासी गौरी शंकर साकेत शनिवार रात करीब 9 बजे घर के पास शाहपुर-हनुमना मुख्य मार्ग पर पैदल जा रहे थे. इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक ऑटो चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गौरी शंकर उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए और घटना स्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए. मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने मुआवजे व आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव मार्ग पर रखकर चक्का जाम कर दिया. सूचना पर शाहपुर थाना प्रभारी रामदीन सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी. आश्वासन के बाद ग्रामीण माने और जाम समाप्त किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हनुमना भेज दिया.
