90 लाख की लागत से बने भव्य विसर्जन कुंड का लोकार्पण, अब स्वच्छ जल में होगा प्रतिमा विसर्जन

अशोकनगर। नगर पालिका परिषद द्वारा लगभग 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित भव्य एवं आकर्षक विसर्जन कुंड का रविवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष नीरज मानोरिया, उपाध्यक्ष रीना मनोज शर्मा, पूर्व विधायक जजपाल सिंह, नगर पालिका सीएमओ विनोद उन्नीतान, पार्षद महेंद्र भारद्वाज, राशिद खान चिन्ना, धर्मेंद्र रघुवंशी सावन, राजेंद्र कुशवाहा, मनीष धुरेंटे, मोनू रघुवंशी, गीता आर्य, सतपाल लोधी विपिन शिवहरे, गोपाल ओझा, राजकुमार यादव, पुजारी संघ के अध्यक्ष उपेंद्र पाराशर, नगर पालिका के पार्षदगण, शहर के विभिन्न मंदिरों के पुजारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

लोकार्पण अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष नीरज मानोरिया ने कहा कि पूर्व में यहां एक छोटा कुंड था, जिसमें शहर में निकलने वाली धार्मिक झांकियों एवं प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता था। लंबे समय से शहरवासियों एवं सनातन धर्मावलंबियों द्वारा एक व्यवस्थित, सुंदर एवं विशाल विसर्जन कुंड की मांग की जा रही थी। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका परिषद ने सुनियोजित रूप से इस आधुनिक और आकर्षक विसर्जन कुंड का निर्माण कराया है।

उन्होंने कहा कि यह स्थल अब शहर के आकर्षण का केंद्र बन चुका है और आने वाले समय में यहां और भी विकास कार्य किए जाएंगे। अध्यक्ष मानोरिया ने बताया कि यह तालाब वर्षों से शहर के गंदे पानी की समस्या से प्रभावित था, जबकि इसी जल में धार्मिक अवसरों पर भगवान का जल विहार भी कराया जाता रहा है। नगरपालिका ने प्राथमिकता के आधार पर तालाब में मिलने वाले गंदे पानी की निकासी को अलग कराया, जिससे अब तालाब में स्वच्छ एवं शुद्ध जल उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि नगरपालिका परिषद की प्राथमिकता है कि शहर के सभी सनातनी पर्व एवं धार्मिक आयोजन शुद्ध, स्वच्छ और गरिमामय वातावरण में संपन्न हों। इसी उद्देश्य के साथ इस क्षेत्र का निरंतर विकास किया जा रहा है। आने वाले समय में यह स्थान शहर का सबसे सुंदर, स्वच्छ और धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पुजारियों एवं नागरिकों ने नगरपालिका परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए इसे धार्मिक आस्था एवं शहर सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Next Post

कोतवाली थाना प्रभारी पर गिरी गाज, लाइन अटैच

Sun May 10 , 2026
भोपाल। कोतवाली थाना प्रभारी काशीराम कुशवाह पर विभागीय गाज गिर गई. कुशावाहा को लाइन अटैच किया गया है. कार्यालय पुलिस उपायुक्त जोन-3 ने इस संबंध में जारी किया है. जारी आदेशानुसार 28 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत निकाले जाने वाले मुख्यमंत्री के प्रस्तावित मशाल जुलुस के दौरान निरीक्षक काशीराम […]

You May Like