विजयवाड़ा, 04 मई (वार्ता) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की चुनावी जीत की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह को बधाई दी।
श्री नायडू ने एक संदेश में कहा, “आज राजग की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और ‘विकसित भारत’ के लिए उनके विजन में लोगों के निरंतर और बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। यह राजग को लोगों की आकांक्षाओं के संगम के रूप में और मजबूत करती है, जो ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की भावना से प्रेरित है। इस परिणाम के साथ ‘विकसित भारत’ की ओर हमारी यात्रा को और अधिक बल मिला है।”
श्री नायडू ने कहा, “विकास के प्रति राजग की अटूट प्रतिबद्धता पर लोगों का विश्वास और समर्थन स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। यह सभी राजनीतिक दलों के लिए एक संदेश भी है कि ‘युवा भारत’ विश्वसनीयता, विकास और नागरिकों के साथ सच्चे जुड़ाव को महत्व देता है।”
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं इस ऐतिहासिक जनादेश के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी, राजग के सभी विजयी उम्मीदवारों, समर्पित कार्यकर्ताओं और देश की जनता को अपनी हार्दिक बधाई देता हूं।”
