श्योपुर:समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में व्याप्त अव्यवस्थाओं और साइलो केंद्रों पर तुलाई बंद होने के विरोध में युवा कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राम भरत मीणा किसानों के साथ अपने कंधे पर गेहूं का बोरा रखकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। पुलिस द्वारा रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर गेहूं फैलाकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने खरीदी केंद्रों पर हो रही अनियमितताओं और किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर जमकर नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष राम भरत मीणा का आरोप है कि साइलो केंद्रों पर तुलाई बंद होने से किसान भटक रहे हैं और सोसाइटियों में भी व्यवस्थाएं ठप हैं। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक तीखी बहस भी हुई। डिप्टी कलेक्टर संजय जैन प्रदर्शनकारियों से चर्चा करने पहुंचे।अनोखी स्थिति तब निर्मित हुई जब डिप्टी कलेक्टर भी कार्यकर्ताओं के साथ जमीन पर बैठ गए। उन्होंने करीब 20 मिनट तक धरना स्थल पर बैठकर किसानों की समस्याओं को सुना और मौके से ही संबंधित सोसाइटियों को फोन कर निराकरण के निर्देश दिए।
