
सीधी। राजधानी के विंध्यवासियों के लिए आगामी 23 मई को भोपाल में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। आज बघेलखंड सांस्कृतिक भवन ट्रस्ट की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक ट्रस्ट के अध्यक्ष अजय सिंह पूर्व नेता प्रतिपक्ष की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में भोपाल में निवासरत विंध्यवासियों के सामाजिक कल्याण और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए कई दूरगामी निर्णय लिए गए।
ट्रस्ट द्वारा बघेलखंड भवन में एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले विंध्यवासियों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। शिविर की विशेषता यह है कि इसमें ब्लड टेस्ट, एक्स-रे, ईसीजी (ECG), अल्ट्रासाउंड, ईको और पैथोलॉजी जैसी आधुनिक और महंगी जांचें पूरी तरह नि:शुल्क की जाएंगी।
ट्रस्ट ने निर्णय लिया है कि आगामी अक्टूबर माह में एक सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इसमें विंध्य अंचल के उन प्रतिभाशाली युवाओं को ‘विंध्य प्रतिभा सम्मान’ से नवाजा जाएगा जिन्होंने UPSC, PSC या अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर अंचल का नाम रोशन किया है। साथ ही, समाज के मार्गदर्शक के रूप में भोपाल में रह रहे विंध्य अंचल के वरिष्ठ नागरिकों का भी विशेष सम्मान किया जाएगा।
बैठक में ट्रस्ट की वार्षिक पत्रिका ‘बघेली दर्पण’ के आगामी अंक के प्रकाशन की रूपरेखा भी तैयार की गई। यह पत्रिका बघेलखंडी संस्कृति और साहित्य के विकास का एक प्रमुख माध्यम है, जिसमें अंचल के लेखक और आम जन अपनी कहानियाँ, संस्मरण और विचार साझा करते हैं।
उल्लेखनीय है कि बघेलखंड सांस्कृतिक भवन ट्रस्ट लंबे समय से भोपाल में रह रहे बघेलखंड अंचल के लोगों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है। आज की बैठक में ट्रस्ट के पदाधिकारी और वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने इन जनकल्याणकारी योजनाओं को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में महासचिव डा. कमलाकर सिंह, कोषाध्यक्ष सागर श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य अशोक खरे, पीयूष श्रीवास्तव, कुलवंत सिंह एवं डा. प्रणय सिंह, विक्रम सिंह परिहार, ज्ञानेंद्र सिंह, डा. सचिन सिंह, रवि शुक्ला, डा.देवेश मिश्रा, सत्येंद्र भदौरिया, रवि सोनी और श्रीमती रेखा सिंह आदि उपस्थित थे।
