खंडवा: शहर की कोतवाली थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम ने शेयर बाजार में निवेश कर मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए राजस्थान के टोंक जिले से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 लाख 55 हजार 200 रुपये की नकदी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 मई को एक फरियादी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि ‘बादशाह ब्रोकर’ नामक एक कंपनी ने शेयर मार्केट में पैसा लगाने और मोटा लाभ देने का झांसा दिया था। आरोपियों ने फरियादी को विश्वास में लेकर मोबाइल के माध्यम से कुल 21 लाख 63 हजार 970 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए थे। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 578/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319(2) और आईटी एक्ट की धारा 66 डी के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान साइबर टीम की मदद से पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और राजस्थान के टोंक जिले के ग्राम उनियारा में दबिश देकर तीन आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ग्राम उनियारा निवासी 26 वर्षीय दीपक पिता बाबू कुशवाह, 30 वर्षीय विवेक पिता किशनलाल खिची और 28 वर्षीय आत्माराम पिता रामजी लाल मेहरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय में पेश कर दिया है। इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण आर्य, निरीक्षक हंसकुमार झींझोरे, पंकज सिंह सोलंकी, शिवम ओझा, रुपेश बामने सहित साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
