
सारनी। शहर के पाथाखेड़ा स्टेडियम की फ़्लड लाइट्स चालू करने का मिला आश्वासन,
खेल सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे। पाथाखेड़ा क्षेत्र के युवाओं ने आखिरकार अपनी आवाज़ प्रशासन तक पहुँचा दी। अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम स्थित फुटबॉल मैदान में लगी फ़्लड लाइट्स को रात्रिकालीन अभ्यास हेतु चालू कराने की मांग को लेकर दर्जनों खिलाड़ियों ने नगर पालिका परिषद सारनी पहुँचकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी.के. मेश्राम को ज्ञापन सौंपा।
छात्र नेता रोहन सिंह ठाकुर ने बताया कि वर्तमान समय में शहर के युवा पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी रुचि ले रहे हैं, परंतु मैदान में फ़्लड लाइट्स स्थापित होने के बावजूद उन्हें रात में बंद रखा जाता है। दिन में स्कूल-कॉलेज और अन्य कार्यों के कारण अधिकांश खिलाड़ी अभ्यास नहीं कर पाते, जिससे उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है और प्रतिभाएं उभरने से पहले ही हतोत्साहित हो रही हैं।खिलाड़ियों ने अधिकारियों को बताया कि यदि रात्रिकालीन अभ्यास की सुविधा उपलब्ध हो जाए तो क्षेत्र से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकते हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने खिलाड़ियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र फ़्लड लाइट्स चालू कराने का आश्वासन दिया।ज्ञापन सौंपने वालों में रोहन सिंह ठाकुर, शिवा भारती, दानिश अंसारी, आदित्य भारती, विशाल शर्मा, शानू, करण, फरहान सहित अन्य खिलाड़ी उपस्थित रहे। खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासनिक पहल से पाथाखेड़ा में खेलों का वातावरण सशक्त होगा और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलेगी।
