
इंदौर. शेयरिंग ई रिक्शा में पहले से सवारी बनकर बैठने और यात्रियों के बैग से जेवर चोरी करने वाले गिरोह का लसूड़िया पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर करीब 20 लाख रुपए कीमत के सोने चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल ई ऑटो जब्त किया है. गिरोह का सरगना बिजनौर (उत्तरप्रदेश) का रहने वाला है, जो इंदौर में रहकर वारदातों को अंजाम दे रहा था.
मामला गुरुवार 20 जुलाई का है, जब महाराष्ट्र के ठाणे निवासी पवन सिंह अपनी बेटी खुशबू को इंदौर स्थित उसके ससुराल छोड़ने आए थे. रेलवे स्टेशन के बाहर से उन्होंने एक शेयरिंग ई रिक्शा लिया था. रिक्शा में पहले से दो लोग बैठे थे. चालक ने पवन सिंह को आगे और उनकी बेटी को पीछे सामान के साथ बैठाया था. स्कीम नंबर 78 पहुंचने के बाद जब उन्होंने सूटकेस देखा तो उसका ताला खुला मिला. उसमें रखे सोने चांदी के जेवर गायब थे. पवन सिंह ने लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्हें ई रिक्शा का नंबर पूरा याद नहीं था, लेकिन आखिरी चार अंक 8770 याद थे. जांच के दौरान पुलिस ने 250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. ई रिक्शा के हुलिए और नंबर के आधार पर पुलिस कालू उर्फ जितेंद्र जोशी तक पहुंची. पूछताछ में उसने अपने साथियों मेहबूब, मोहम्मद रियाज, किशोर जोशी और कमल गाडोलिया के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से ई रिक्शा में बैठकर सवारी का इंतजार करते थे. जैसे ही कोई यात्री सामान लेकर बैठता था, आरोपी बैग की आड़ लेकर उसमें रखे जेवर चोरी कर लेते थे. चोरी किए गए सामान को आपस में बांट लेते थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 100 ग्राम सोने के जेवर, एक किलो चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा ई ऑटो जब्त किया है. सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है.
बॉक्स
आरोपी मेहबूब का पुराना रिकॉर्ड…
बिजनौर उत्तरप्रदेश निवासी मेहबूब के खिलाफ इंदौर के अलग अलग थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं. उसके खिलाफ वर्ष 2008 से लेकर 2024 तक चोरी के करीब 10 मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. इनमें सराफा, एरोड्रम, तेजाजी नगर और राऊ थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं.
बॉक्स…
आरोपी कालू उर्फ जितेंद्र का रिकॉर्ड
हातोद निवासी कालू उर्फ जितेंद्र जोशी के खिलाफ भी पहले कई अपराध दर्ज हैं. उसके खिलाफ जुआ एक्ट, मारपीट, धमकी सहित अलग अलग मामलों में प्रकरण दर्ज हो चुके हैं. पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ वर्ष 2005 से 2024 तक कई मामले दर्ज हैं.
गिरफ्तार आरोपियों में मेहबूब उम्र 53 साल, मोहम्मद रियाज उम्र 33 साल निवासी बिजनौर उत्तरप्रदेश, किशोर जोशी उम्र 44 साल, कमल गाडोलिया उम्र 28 साल और कालू उर्फ जितेंद्र जोशी उम्र 45 साल निवासी इंदौर शामिल हैं.
पूछताछ जारी है…
तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंचा गया. आरोपियों से चोरी का माल बरामद कर अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
एडिशनल डीसीपी जोन 2, अमरेंद्र सिंह
