
इंदौर. शहर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने देर रात से सुबह तक एक साथ सभी थाना क्षेत्रों में बड़ा चेकिंग अभियान चलाया. कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 370 से अधिक आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कार्रवाई की, लंबे समय से फरार चल रहे 163 वारंटियों को पकड़ा और शराब पीकर वाहन चलाने वाले 138 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की.
अभियान के दौरान चारों जोन की पुलिस टीमें एक साथ सड़कों पर उतरीं. संवेदनशील इलाकों, अपराध प्रभावित क्षेत्रों, होटल, ढाबों, लॉज और रैन बसेरों की जांच की गई. पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से देर रात सक्रिय रहने वाले बदमाशों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया. कॉम्बिंग गश्त में पुलिस ने 51 स्थाई वारंट, 38 गिरफ्तारी वारंट और 74 जमानती वारंट तामील कराए. इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई. एरोड्रम थाना पुलिस ने एक बदमाश को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया. पुलिस ने निगरानी बदमाशों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ उनके डोजियर भी तैयार कराए. अपराध छोड़ने की हिदायत देते हुए कई बदमाशों को नोटिस जारी किए गए. अभियान के दौरान ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी गई और पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया.
यह कार्रवाई लगातार जारी रहेंगी…
अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह विशेष अभियान चलाया था. फरार वारंटियों, बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.
एडिशनल डीसीपी, अमरेंद्र सिंह
