अपराध नहीं छोड़ा तो शहर छोड़ना पड़ेगा

इंदौर. अपराध की दुनिया में सक्रिय बदमाशों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने एक साथ 11 आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है. इनमें तीन बदमाशों को इंदौर सहित आसपास के सीमावर्ती जिलों से बाहर कर दिया गया, जबकि आठ अपराधियों को तय अवधि तक संबंधित थानों में नियमित हाजिरी देने के आदेश दिए हैं.

चारों जोन के डीसीपी द्वारा चिन्हित किए गए इन बदमाशों के खिलाफ तैयार प्रस्तावों पर सुनवाई के बाद यह कार्रवाई की गई. कार्रवाई की जद में आए बदमाशों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और पूर्व कार्रवाई के बाद भी उनकी गतिविधियों में सुधार नहीं आया था. मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत गांधी नगर निवासी राजकुमार खटीक को छह माह, लसूड़िया निवासी अजय उर्फ भोला और तिलक नगर निवासी राहुल उर्फ दादिया को तीन तीन माह के लिए इंदौर और सीमावर्ती जिलों से निष्कासित किया है. वहीं परदेशीपुरा क्षेत्र के सूरज मेहरा, हमीद खान, वाजिद उर्फ गब्बू और वसीम उर्फ बाला, लसूड़िया क्षेत्र के अरुण वालेकर, मुकेश कुशवाह, शुभम उर्फ बाबू तथा एमआईजी क्षेत्र के दुर्गेश वर्मा को थाना हाजिरी के लिए पाबंद किया है.

 

किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा…

 

अपराधियों की लगातार निगरानी की जा रही है. जो बदमाश आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हैं, उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई जारी रहेगी. शहर की शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.

 

एडिशनल डीसीपी, राजेश दंडोतिया

Next Post

बिजली बिल अपडेट कराने के बहाने रिटायर्ड अफसर से 98 हजार की साइबर ठगी

Sun Aug 2 , 2026
इंदौर. कनाड़िया थाना क्षेत्र में बिजली बिल अपडेट कराने के नाम पर एक रिटायर्ड गैस प्लांट अधिकारी के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है. ठग ने खुद को एमपीईबी अधिकारी बताकर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कराने का झांसा दिया और फोनपे पर कोड डलवाकर उनके बैंक खाते से 98 […]

You May Like