
छतरपुर। जिले के लवकुशनगर क्षेत्र में दो मासूम भाइयों की हत्या के मामले में सोमवार सुबह नया घटनाक्रम सामने आया है। जुझारनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पुरवा बम्होरी में एक कुएं में अज्ञात व्यक्ति का शव उतराता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान की प्रक्रिया शुरू की। शव करीब 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि शव दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी बालकेश सिंह का हो सकता है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दरअसल, लवकुशनगर के वार्ड नंबर-2 सिद्दन मोहल्ला निवासी निरपत यादव के बेटे सचिन यादव (11) और प्रेम यादव (9) शुक्रवार को स्कूल से लौटने के बाद लापता हो गए थे। जांच के दौरान दोनों बच्चों के अपहरण और हत्या का मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बालकेश सिंह ने दोनों मासूमों को पहाड़तरे के पुरवा के पास स्थित कुएं में फेंक दिया था, जहां से बाद में उनके शव बरामद किए गए। घटना के बाद से पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी बीच सोमवार सुबह पुरवा बम्होरी गांव के पास कुएं में शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। जुझारनगर थाना पुलिस और पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा शव को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। शव की पहचान के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कुएं में मिला शव आखिर किसका है और वह यहां किन परिस्थितियों में पहुंचा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव की विधिवत शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।यदि पहचान बालकेश सिंह के रूप में होती है तो यह दोहरे हत्याकांड की जांच में अहम मोड़ होगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और शव की पहचान के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।
