जबलपुर। लग्नोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने आये व्यक्ति के साथ दो सगे भाईयों ने मारपीट की थी। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पाटन ने भाईयों को मारपीट करने का दोषी पाते हुए उन्हें एक-एक साल की सजा से दंडित किया है। न्यायालय ने आरोपियों पर सात-सात सौ रूपये का अर्थदंड लगाया है।अभियोजन के अनुसार फरियादी कैलाश बर्मन 8 अप्रैल 2017 को उसकी मामी सास की लड़की विनीता बर्मन के थाना कटंगी वार्ड नंबर 15 कोरी मोहल्ला में आयोजित के लग्नोत्सव कार्यक्रम में आया था। इस दौरान आपसी रंजिश के कारण अशोक बर्मन उम्र 35 साल, नंदू उर्फ बाबा तथा शनि बर्मन उसके साथ गाली- गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। उसका लड़का अमित बर्मन, अमन बर्मन एवं ब्रजेश बर्मन बीच-बचाव करने पहुॅचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की थी। इसके बाद सभी अभियुक्त जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गये।
कटंगी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 506, 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया था। मेडिकल जांच के दौरान एक्स-रे रिपोर्ट में अमित के पैर में फ्रैक्चर आया था। जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण में धारा 325 का इजाफा किया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया था। न्यायालय ने प्रकरण की सुनवाई के दौरान पेश किये गये साक्ष्य व गवाही के आधार पर आरोपी अशोक बर्मन तथा नंदू उर्फ बाबा को दोषी करार देते हुए उक्त सजा से दंडित किया। अभियोजन की तरफ से सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी भगवान दास पटेल ने पैरवी की।
