सलामतपुर। थाना सलामतपुर पुलिस ने चार महीने से फरार 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी मोनू वर्मा (39) निवासी कुंदन नगर बागमुगालिया भोपाल, 9 लाख रुपये कीमत की 120 पेटी अवैध विदेशी शराब के मामले में वांछित था। लोकेशन मिलने पर पुलिस ने दो दिन की कड़ी मशक्कत के बाद सूखी सेवनिया क्षेत्र से उसे घेराबंदी कर पकड़ा।
गौरतलब है कि 19 सितंबर को दीवानगंज फैक्ट्री चौराहे के पास रागनी ढाबे के सामने एक ट्रक से 120 पेटी विदेशी शराब और साढ़े आठ लाख रुपये कीमत का ट्रक जब्त किया गया था। आरोपी चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था। बाद में आरोपी पर इनाम घोषित किया गया।
इनका कहना है
पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशन ने 4 महीने से फरार 5 हज़ार रुपये के ईनामी शराब तस्कर को सूखी सेवनिया क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर
