खंडवा/खरगोन/सेंधवा:लंबी खेंच के बाद निमाड़ में बादलों ने एक बार फिर राग मल्हार गाया. मूसलाधर बारिश के कारण जहां खंडवा में नदियां उफान पर आ गईं और खेतों-सडक¸ों पर पानी भर गया वहीं खरगोन जिले के गोगावां में छह इंच बारिश से निचली बस्तियों के साथ ही पुल-पुलिया डूब गए. तेज बारिश के कारण वेदा नदी उफान पर आ गई. बारिश का असर बड़वानी जिले के सेंधवा ब्लॉक में भी देखने को मिला जहां अरुणावती नदी में बाढ़ आने से पुलिया टूट गई और कई गांवों का संपर्क टूट गया. हालांकि अभी तक बारिश से जानोमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है.
जानकारी अनुसार खंडवा में पांच इंच से ज्यादा बारिश हुई. इससे खेतों और सडक पर बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई. पुल-पुलियाओं पर पानी भरने से आवागमन में बाधा हुई. उधर, बड़वानी जिले के सेंधवा ब्लॉक के बलवाड़ी और धनोरा में घरों में पानी घुस गया. पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। वरला में छह इंच से भी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई. रलावती तालाब ओवरफ्लो होने से कई गांवों में पानी भर गया.
किसानों में कहीं खुशी-कहीं गम
लंबी खेंच के बाद बरसे बदरवा के कारण किसानों के चेहरों पर कहीं खुशी तो कहीं गम की स्थिति दिखाई दी. दरअसल, बारिश का पानी कई गांवों में खेतों में भर जाने से फसलों को नुकसान होने की आशंका है, वहां के किसान चिंतित नजर आए. जहां पानी खेतों में नहीं भरा वहां के किसानों के चेहरों पर खुशी की हंसी नजर आई.
