इंदौर:महिला सुरक्षा को लेकर इंदौर पुलिस का विशेष अभियान जारी है. सराफा थाना और महिला थाने की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन सीक्रेट मिडनाइट के दौरान राजवाड़ा क्षेत्र में एक मनचले को रंगे हाथ पकड़कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की.डीसीपी जोन 4 सुनील मेहता ने बताया कि सराफा और महिला थाने की टीम को इस संबंध में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे.
इस पर देर रात थाना सराफा क्षेत्र में राजवाड़ा के आसपास महिला पुलिसकर्मियों को सादा वर्दी में तैनात कर स्टिंग ऑपरेशन चलाया गया. देर रात गश्त के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा महिला पुलिसकर्मियों पर अशोभनीय टिप्पणियां कर दीं. इस दौरान टीम ने मौके पर ही एक मनचले को पकड़ लिया. पकड़े गए आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर दी. इस तरह के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि शहर में महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिल सके और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
