पटना, 02 अगस्त (वार्ता) फिल्म ‘ओह माय डॉग’ के निर्माता-निर्देशक और लेखक अमित राय ने कहा है कि उनकी फिल्म केवल एक कुत्ते की कहानी नहीं है, बल्कि मनुष्य और अन्य जीवों के बीच संबंध, करुणा और सह-अस्तित्व की भावना को सामने लाने का प्रयास है।राजधानी पटना में फिल्म ‘ओह माय डॉग’ की स्क्रीनिंग के दौरान अमित राय ने ‘यूनिवार्ता’ से विशेष बातचीत में कहा कि उन्हें इस फिल्म की प्रेरणा अपने पालतू कुत्ते से मिली। उन्होंने कहा कि घर लाने के बाद शुरू के दिनों में उन्हें लगता था कि वह अपने कुत्ते देखभाल कर रहे हैं, लेकिन कुछ समय बाद उन्हें एहसास हुआ कि वास्तव में वही उन्हें जीवन के महत्वपूर्ण सबक सिखा रहा था। उन्होंने कहा कि अक्सर इंसान यह समझता है कि वह पशुओं का पालन-पोषण कर रहा है, जबकि कई बार वही जीव इंसान को बेहतर और अधिक संवेदनशील बनाते हैं। उन्होंने कहा कि अपने पालतू कुत्ते के साथ उनके अनुभव ने उन्हें जीवन को नए नज़रिये से देखने की प्रेरणा दी।
अमित राय ने कहा कि यह पृथ्वी केवल इंसानों के लिए नहीं बनी है। चींटी से लेकर बड़े से बड़े जीव तक सभी का इस सृष्टि में समान अस्तित्व है। उन्होंने कहा कि मनुष्य अपनी बुद्धि और विकास के कारण स्वयं को श्रेष्ठ मानने लगा है, लेकिन प्रकृति ने किसी के लिए अलग नियम नहीं बनाए हैं। श्री राय ने कहा कि आज स्थिति ऐसी हो गई है कि लोग शहरों और बस्तियों से पशुओं को हटाने की बात करने लगे हैं, जबकि प्रकृति का संतुलन सभी जीवों के साथ मिल कर बनता है। उन्होंने कहा कि यदि इस श्रृंखला की एक भी कड़ी टूटती है, तो उसका असर पूरे तंत्र पर पड़ता है। श्री राय ने महाभारत के एक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि धर्मराज युधिष्ठिर ने स्वर्ग के द्वार पर अपने कुत्ते का साथ छोड़ने से इंकार कर दिया था, जो मनुष्य और पशु के बीच विश्वास और निष्ठा का प्रतीक है।
फिल्म की कहानी के संबंध में अमित राय ने बताया कि यह उनके अपने दिमाग की उपज है, जो जीवन के वास्तविक अनुभवों से बाहर निकला है। उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग बिहार में हुई है और इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय कलाकारों तथा तकनीशियनों को अवसर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और यहां के कलाकारों ने पूरी लगन और क्षमता के साथ काम किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग बिहार के अलावा असम में भी की गई है। अमित राय ने बड़े सितारों के बिना फिल्म बनाने और उसे दर्शकों तक पहुंचाने की चुनौती पर कहा कि यह संघर्ष उन्होंने जानबूझकर चुना है। उन्होंने कहा, “यदि आपको अपनी कहानी पर भरोसा है और लगता है कि वह लोगों तक पहुंचनी चाहिए, तो आपको उसे बनाने का साहस भी रखना होगा। उन्होंने कहा कि आज पंकज त्रिपाठी किस परिचय के मोहताज नहीं हैं और उनका इस फिल में रहना स्टार अट्रैक्शन की कमी को भी पूरा करता है।
फ़िल्म के निर्देशक श्री राय ने कहा कि फिल्म निर्माण को केवल व्यवसाय के रूप में नहीं देखा जा सकता। यह एक रचनात्मक प्रक्रिया है, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण कहानी और उसका उद्देश्य होता है। यदि फिल्म अच्छी है तो दर्शक उसे स्वीकार करते हैं और उसका व्यावसायिक पक्ष भी अपने आप मजबूत हो जाता है। अमित राय ने कहा, “कला के क्षेत्र में पहले कहानी आती है और बाद में कारोबार। कोई भी पहले से नहीं जानता कि कौन-सी फिल्म कितनी सफल होगी। इसलिए हमारा ध्यान एक अच्छी और ईमानदार फिल्म बनाने पर होना चाहिए।” उन्होंने बताया कि पूरी टीम का उद्देश्य ऐसी फिल्म बनाना था, जो लोगों के भीतर करुणा, संवेदनशीलता और सभी जीवों के प्रति सम्मान की भावना को जगाए।
फिल्म में एक बाल कलाकार के रूप में अमित राय के बेटे माही राय ने भी अभिनय किया है। अमित राय ने बताया कि यह उनके बेटे की पहली फिल्म है। उन्होंने कहा कि माही ने स्वयं ऑडिशन दिया था और चयन होने के बाद ही उन्हें इसकी जानकारी मिली। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अपने बेटे के साथ काम करना आसान नहीं था, क्योंकि सेट पर उन्हें पिता नहीं, बल्कि निर्देशक की भूमिका निभानी पड़ती थी। कई बार उन्हें उससे वैसा ही काम लेना पड़ता था, जैसा किसी अन्य कलाकार से लिया जाता है। हालांकि, माही ने पूरी मेहनत और गंभीरता के साथ अपनी भूमिका निभाई।
उन्होंने बताया कि इस फिल्म में गुम हुए कुत्ते की भूमिका उनके अपने पालतू कुत्ते ने निभाई है।उन्होंने विश्वास जताया कि ‘ओह माय डॉग’ दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ उन्हें इंसानों और पशुओं के रिश्तों को नए नज़रिये से देखने के लिए भी प्रेरित करेगी। ‘ओह माय डॉग’ का निर्माण अमित राय, राजेश भारद्वाज और सना वारसी ने बाबूलाल बिस्कोप तथा थिंकिंग हैट्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है। फिल्म में माही राय, पंकज त्रिपाठी, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा, सुलाख्याना बरुआ, विजय मिश्रा और बुल्लू कुमार के साथ डॉग स्टार ऑस्कर और ब्रूनो समेत 250 से अधिक प्रशिक्षित कुत्ते नज़र आएंगे। पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर यह फिल्म 07 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

