एंबुलेंस चालक से मारपीट कर नकदी-मोबाइल लूटे, दो आरोपित गिरफ्तार

छिंदवाड़ा। देहात थाना पुलिस ने एंबुलेंस चालक के साथ रास्ते में मारपीट कर लूट करने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने एंबुलेंस चालक को रास्ते में रोककर पहले विवाद किया, इसके बाद उसके साथ मारपीट की और नकदी व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। न्यायालय ले जाते वक्त पुलिस की कार खराब हो गई थी। इसलिए आरोपितों को पुलिस पैदल लेकर गई। हालांकि कार ठीक होने के बाद उन्हें वापस कार में ले जाया गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 296(2), 115(2), 351(3), 140(3), 309(6), 324(4), 3(5) बीएनएस सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

एंबुलेंस रोककर शुरू किया विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 सितंबर को फरियादी मुन्ना उर्फ अनिल पिता बाबूलाल पटवा (38), निवासी ईएलसी चैक ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 1 सितंबर की शाम करीब 7.30 बजे वह अपनी एंबुलेंस से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक कार ने उसकी एंबुलेंस को रोक लिया। कार से उतरे दो लोगों ने उसके साथ विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। फरियादी के अनुसार आरोपितों ने उसकी गाड़ी के पीछे के हिस्से में टक्कर भी मारी। इसके बाद दोनों ने एंबुलेंस चालक के साथ मारपीट की। आरोपितों ने बेल्ट से भी मारपीट करने का आरोप शिकायत में लगाया गया है। मारपीट के दौरान चालक के हाथ और पैर में चोट आई।

एंबुलेंस से सामान लेकर भागे

शिकायत के मुताबिक मारपीट के दौरान आरोपितों ने एंबुलेंस के सामने और पीछे के कांच तथा हेडलाइट को भी नुकसान पहुंचाया। इसके बाद चालक से नकदी और मोबाइल फोन ले लिए गए। पुलिस के अनुसार आरोपित करीब 12 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद फरियादी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए देहात थाना पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की। पूछताछ और पतासाजी के बाद पुलिस ने अभिषेक पिता दिमाकचंद चोकेसे उम्र 25 साल तथा सचिन पिता नारद डहेरिया उम्र 28 साल निवासी चमन मोहल्ला गुरैया को गिरफ्तार किया।

आरोपितों से कार व मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार, एक मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री बरामद की है। जब्त कार की कीमत करीब 2.35 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर दोनों को न्यायालय में पेश किया।

Next Post

भारत बनाम जापान मैच के लिए ब्रॉडकास्टर की तलाश

Sun Sep 6 , 2026
नयी दिल्ली, 06 सितम्बर (वार्ता) जापान और भारत के बीच होने वाले एक ही मैच (टी20 मैच) के लिए ब्रॉडकास्टर खोजने की कोशिशें चल रही हैं। जापान क्रिकेट एसोसिएशन (जेसीए) टोचिगी प्रान्त के सानो इंटरनेशनल स्टेडियम में 22 सितंबर को होने वाले मैच के ब्रॉडकास्ट राइट्स हासिल करने के लिए […]

You May Like