जयपुर में 3,700 करोड़ की राजस्थान मंडपम परियोजना : एनबीसीसी और आरआईआईसीओ में समझौता

नई दिल्ली।जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, टोंक रोड के पास प्रतिष्ठित राजस्थान मंडपम और संबद्ध अवसंरचना परियोजनाओं के विकास हेतु एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड और राजस्थान स्टेट इंडस्ट्रियल डिवेलपमेंट एंड इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आरआईआईसीओ) के बीच 3,700 करोड़ रुपये की परियोजना को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। यह परियोजना भारत सरकार और राजस्थान सरकार की साझेदारी में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर समारोह जयपुर में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्यमंत्रीभजन लाल शर्मा, उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर, मुख्य सचिव सुधांश पंत, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव व आरआईआईसीओ अध्यक्ष शिखर अग्रवाल तथा एनबीसीसी के सीएमडी के.पी. महादेवास्वामी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एनबीसीसी को विशिष्ट निष्पादन एजेंसी नियुक्त किया गया है। यह संस्था 95 एकड़ भूमि पर मास्टर प्लानिंग, वास्तुशिल्प डिजाइन, इंजीनियरिंग, निर्माण और अंतरराष्ट्रीय स्तर के विपणन के माध्यम से परियोजना का नेतृत्व करेगी। परियोजना के अंतर्गत राजस्थान मंडपम सम्मेलन केंद्र, यूनिटी मॉल और वाणिज्यिक-सांस्कृतिक अवसंरचना का निर्माण होगा, जिससे जयपुर को वैश्विक सम्मेलनों और खुदरा नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा।

परियोजना के वित्तीय प्रबंधन के तहत आरआईआईसीओ, एनबीसीसी को 50 करोड़ रुपये की ब्याज-मुक्त अग्रिम राशि उपलब्ध कराएगा, जबकि शेष पूंजी निर्मित स्थानों और भूखंडों की बिक्री व पट्टे से जुटाई जाएगी। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर सार्वजनिक वित्तीय संस्थानों से सहयोग भी लिया जाएगा।

सरकार द्वारा 635 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता इस परियोजना में दी जाएगी। प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी के लिए एक संयुक्त अधिकार प्राप्त समिति गठित की जाएगी। परियोजना को सभी आवश्यक अनुमोदन मिलने के 30 माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Next Post

अवसंरचना क्षेत्र के वित्तपोषण से जुड़े मुद्दों पर 15 दिन में रिपोर्ट देगा नैबफिड

Thu Sep 11 , 2025
नयी दिल्ली , 11 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने राष्ट्रीय अवसंरचना वित्तपोषण एवं विकास बैंक (नैबफिड) को बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं के वित्तपोषण संबंधी मुद्दों पर वित्तीय सेवा विभाग को एक पखवाड़े में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। नैबफिड यह रिपोर्ट संबद्ध हितधारकों के साथ परामर्श कर यह […]

You May Like