नयी दिल्ली , 11 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने राष्ट्रीय अवसंरचना वित्तपोषण एवं विकास बैंक (नैबफिड) को बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं के वित्तपोषण संबंधी मुद्दों पर वित्तीय सेवा विभाग को एक पखवाड़े में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
नैबफिड यह रिपोर्ट संबद्ध हितधारकों के साथ परामर्श कर यह रिपोर्ट देगा।
वित्त मंत्रालय की गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के सचिव एम. नागराजू ने यहां बुनियादी ढाँचा क्षेत्र में वित्तपोषण से संबंधित मुद्दों पर चर्चा के लिए एक बैठक बुलाई थी। बैठक में प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, निजी क्षेत्र के बैंकों, विकास वित्तीय संस्थानों और एनबीएफसी-आईएफसी के वरिष्ठ प्रबंधन ने भाग लिया।
बैठक में अवसंरचना परियोजनाओं के लिए कर्ज की कमी, म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने में आने वाली बाधाओं, क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण के विस्तार की जुरूरत और कर्ज चुकाने में चूक एवं वसूली के आंकड़ों की बेहतर उपलब्धता जैसे मुद्दों पर चर्चा की गयी । इस दौरान बुनियादी ढाँचा क्षेत्र में वित्तपोषण से संबंधित मुद्दों से संबंधित विभिन्न उपायों और सिफारिशों पर प्रस्तुत दी गयी।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि बैठक में तय किया गया कि राष्ट्रीय बुनियादी ढाँचा एवं विकास वित्तपोषण बैंक सभी संबंधित हितधारकों से परामर्श करेगा और 15 दिनों के भीतर वित्तीय सेवा विभाग को एक रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।
