श्रीलंका ने ओमान को 105 रनों से रौंदा

पल्लेकेले, 12 फरवरी (वार्ता) कुसल मेंडिस (61), पवन रत्नायके (60) और कप्तान दासुन शनाका (50) की आतिशी अर्धशतकीय पारियों के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका ने गुरुवार को टी-20 विश्वकप के 16वें मुकाबले में ओमान को 105 रनों से करारी शिकस्त दी। 226 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान के बल्लेबाज श्रीलंकाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे नहीं टिक सके और लगातार विकेट गंवाते रहे। ओमान की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 120 रन ही बना सकी और 105 रनों से मुकाबला हार गई। वसीम अली ने 20 गेंदों में तीन छक्के उड़ाते हुए 27 रन बनाये। वहीं मोहम्मद नदीम आखिर तक टिके रहे और उन्होंने 56 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 53 रनों की पारी खेली। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।

श्रीलंका के लिए दुष्मंत चमीरा और महीश तीक्षणा ने दो-दो विकेट लिये। दुनित वेल्लालगे, दुशान हेमंता और कामिंडु मेंडिस ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

आज यहां ओमान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने 42 के स्कोर पर तक अपने दो विकेट गंवा दिये। कामिल मिशारा (आठ) और पुथम निसंका (13) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद कुसल मेंडिस और पवन रत्नायके की जोड़ी ने पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों के बीच 94 रनों की साझेदारी हुई।

14वें ओवर में जितेन रामानंदी ने पवन रत्नायके को बोल्ड कर इस साझेदारी का अंत किया। पवन रत्नायके ने 28 गेंदों में आठ चौके और एक छक्का लगाते हुए (60) रन बनाये। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आये शनाका ने आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करे हुए कुसल मेंडिस के साथ 63 रन जोड़े। 19वें ओवर में जितेन रामानंदी ने शनाका को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। शनाका ने 20 गेंदों में दो चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 50 रन बनाये। इसी ओवर की दूसरी गेंद पर कुसल मेंडिस रनआउट हुये। कुसल मेंडिस ने 45 गेंदों में सात चौके लगाते हुए 61 रनों की पारी खेली। श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। कामिंडु मेंडिस सात गेंदों में 19 रन बनाकर नाबाद रहे।

ओमान के लिए जितेन रामानंदी ने दो विकेट लिये। जय ओड़ेद्रा और सुफियान महमूद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने जीता स्वर्ण पदक

Thu Feb 12 , 2026
नयी दिल्ली, 12 फरवरी (वार्ता) दो बार के ओलंपियन ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने गुरुवार को एशियन निशानेबाजी चैंपियनशिप 2026 में पुरुषों की 50मी राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। आज यहां डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में मुकाबला करते […]

You May Like