मसूरी | भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव आज अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उत्तराखंड के मसूरी स्थित ऐतिहासिक ‘सेवॉय होटल’ को इस हाई-प्रोफाइल शादी के लिए दुल्हन की तरह सजाया गया है। आधिकारिक निमंत्रण के अनुसार, विवाह की रस्में शाम 4 बजे से शुरू होंगी, जबकि रात 8 बजे यह जोड़ा सात फेरे लेगा। टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद कुलदीप की यह शादी बेहद खास मानी जा रही है, जिसे देखने के लिए स्थानीय प्रशंसकों में भी भारी उत्साह है।
शादी से पहले शुक्रवार को आयोजित हल्दी, मेहंदी और संगीत समारोह में क्रिकेटरों ने जमकर मस्ती की। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुलदीप के स्पिन जोड़ीदार युजवेंद्र चहल सबसे ज्यादा थिरकते हुए नजर आए। वहीं, रिंकू सिंह भी अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के साथ संगीत की शाम का आनंद लेते दिखे। दूल्हा और दुल्हन ने भी अपने खास दिन पर बॉलीवुड गानों पर डांस कर महफिल लूट ली। शुक्रवार सुबह से ही मेहमानों का आना शुरू हो गया था, जिससे होटल का माहौल काफी खुशनुमा बना हुआ है।
आज होने वाले मुख्य समारोह में भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों का मेला लगने की उम्मीद है। पूर्व कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा, टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज जैसे दिग्गज खिलाड़ी कुलदीप को आशीर्वाद देने मसूरी पहुंच रहे हैं। गौरतलब है कि वर्ल्ड कप की व्यस्तता के कारण यह शादी नवंबर 2025 से टालकर अब मार्च 2026 में आयोजित की गई है। इस समय कोई अंतरराष्ट्रीय मैच न होने के कारण पूरी टी20 विश्व चैंपियन टीम के इस जश्न में शामिल होने की संभावना है।

