भोपाल के हाईप्रोफाइल जज हाउस चोरी मामले में गुना का पारदी गिरोह शामिल

गुना। भोपाल के हाईप्रोफाइल त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में जेल में बंद सेवानिवृत्त जिला जज गिरिबाला सिंह के सूने मकान में हुई लाखों की चोरी के तार गुना जिले से जुड़ गए हैं। भोपाल पुलिस की टीम ने इस मामले में गुना से पारदी गिरोह के एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के बाद बड़े अंतरराज्यीय पारदी गिरोह द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।

हालांकि, पकड़े गए आरोपी के पास से फिलहाल चोरी गया माल बरामद नहीं हो सका है और न ही उसके अन्य साथी हाथ आए हैं। आरोपियों की तलाश और माल बरामदगी के लिए भोपाल व गुना पुलिस की संयुक्त टीमें गुना जिले के विभिन्न पारदी डेरों में लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नर द्वारा गठित 12 पुलिस अधिकारियों की विशेष जांच टीम गुना पहुंच चुकी है। एसआईटी की अलग-अलग टीमें स्थानीय पुलिस के सहयोग से गुना के कई संदिग्ध डेरों में एक साथ दबिश दे रही हैं। पकड़े गए आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि उसके फरार साथियों के छिपने के ठिकानों का पता लगाया जा सके। पुलिस के लिए फिलहाल चोरी गए सामान की सही कीमत और वास्तविक मशरूके का आकलन करना एक बड़ी पहेली बना हुआ है।

 

रेकी कर गुना के आधा दर्जन बदमाशों ने दिया था वारदात को अंजाम

गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में कुबूल किया है कि इस पूरी वारदात में कुल छह बदमाश शामिल थे, जो गुना से भोपाल पहुंचे थे। बदमाशों ने दिन के समय कटारा हिल्स थाना क्षेत्र के बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित जज के मकान की कई दिनों तक रेकी की थी। उन्हें पता चला था कि यह मकान लगातार बंद रहता है और यहां कोई केयरटेकर ही आता-जाता है। इसके बाद 29 जून की आधी रात को ये बदमाश मकान के पीछे के हिस्से से सीढ़ियों के सहारे घर के अंदर दाखिल हुए और सोने-चांदी के हार, चूड़ियां, झुमके समेत लाखों के जेवरात समेटकर फरार हो गए। वारदात के दौरान पुलिस गश्ती दल मौके पर पहुंचा भी था, लेकिन बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ भाग निकले थे।

 

चोरी के सामान को लेकर अब भी बना हुआ है भ्रम

इस हाईप्रोफाइल चोरी में गए सामान की सूची को लेकर अभी भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है। जेल में बंद सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह ने पुलिस को लाखों के जेवर सहित अपनी लाइसेंसी पिस्टल और करीब 25 लाख रुपये का मशरूका चोरी होने की बात कही थी। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए जांच के दौरान उनकी लाइसेंसी पिस्टल को घर के भीतर से ही सुरक्षित बरामद कर लिया है, जिससे अब केवल जेवरातों की बरामदगी के लिए गुना के डेरों में दबिश दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि जिस मकान में यह चोरी हुई, वहीं 12 मई की रात गिरिबाला सिंह के बेटे समर्थ सिंह की पत्नी त्विषा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। इस दहेज हत्या और प्रताड़ना के मामले में सेवानिवृत्त जज और उनका बेटा फिलहाल भोपाल केंद्रीय जेल में न्यायिक हिरासत में हैं।

Next Post

एचपीसीएल ने लॉन्च किया ‘एचपी नव्या’ कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर, इंस्टामार्ट से होगी घर-घर डिलीवरी

Wed Jul 15 , 2026
नई दिल्ली। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने आधुनिक उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अपने नए पीढ़ी के कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर ब्रांड ‘एचपी नव्या’ का शुभारंभ किया है। ग्राहकों को आसान और तेज सेवा उपलब्ध कराने के लिए एचपीसीएल ने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट के साथ साझेदारी […]

You May Like