
बुधनी। शाहगंज थाना क्षेत्र के जोनतला जोड़ के पास बीती रात बिना किसी सुरक्षा संकेतक के खड़ी गिट्टी से भरी ट्रॉली से बाइक टकराने से सनखेड़ी निवासी 42 वर्षीय बाबू सिंह पिता रामदीन उइके की मौत हो गई. जबकि उसके साथ बाइक पर सवार 40 वर्षीय संजीव पिता किशोर बेलदार घायल हो गया.
जानकारी के अनुसार बाबूसिंह अपने साथी संजीव के साथ बाइक से बकतरा जा रहा था. बाइक बाबू सिंह चला रहा था. इसी दौरान जोनतला जोड़ के पास सड़क किनारे गिट्टी से भरी ट्रॉली खड़ी थी. ट्रॉली पर न तो रि लेक्टर लगा था और न ही कोई चेतावनी संकेतक अथवा बोर्ड लगाया गया था. बताया जा रहा है कि इसी कारण बाइक चालक को ट्रॉली समय रहते दिखाई नहीं दी और बाइक सीधे उसमें जा भिड़ी. जिसमें दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए. मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया. लेकिन गंभीर रूप से घायल बाबू सिंह ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. घायल संजीव को प्राथमिक उपचार के बाद नर्मदापुरम रेफर किया गया. मंगलवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है.
सुरक्षा संकेतक के बिना सड़क किनारे खड़े भारी वाहन हादसों को न्योता दे रहे हैं. स्थानीय लोगों ने ऐसे वाहनों पर कार्रवाई और सड़क सुरक्षा नियमों के सख्ती से पालन की मांग की है.
