एचपीसीएल ने लॉन्च किया ‘एचपी नव्या’ कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर, इंस्टामार्ट से होगी घर-घर डिलीवरी

नई दिल्ली। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने आधुनिक उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अपने नए पीढ़ी के कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर ब्रांड ‘एचपी नव्या’ का शुभारंभ किया है। ग्राहकों को आसान और तेज सेवा उपलब्ध कराने के लिए एचपीसीएल ने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट के साथ साझेदारी की है, जिससे उपभोक्ता अब ऐप के जरिए एचपी नव्या सिलेंडर ऑर्डर कर घर बैठे उसकी डिलीवरी प्राप्त कर सकेंगे।

एचपी नव्या 10 किलोग्राम क्षमता वाला हल्का कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर है, जिसे सुरक्षित, जंग-रहित और आसानी से उठाने-ले जाने योग्य बनाया गया है। इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण उपभोक्ता गैस का शेष स्तर आसानी से देख सकते हैं। इसका कॉम्पैक्ट और आधुनिक डिजाइन इसे अपार्टमेंट, छोटे परिवारों, कामकाजी पेशेवरों, छात्रों तथा अतिरिक्त एलपीजी सिलेंडर चाहने वाले घरों के लिए उपयुक्त बनाता है।

एचपीसीएल के निदेशक (मार्केटिंग) अमित गर्ग ने कहा कि बदलती उपभोक्ता आवश्यकताओं को देखते हुए कंपनी सुरक्षित, भरोसेमंद और सुविधाजनक ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इंस्टामार्ट के माध्यम से एचपी नव्या अधिक ग्राहकों तक तेज और डिजिटल तरीके से पहुंचेगा, जिससे एलपीजी खरीदने का अनुभव और बेहतर होगा।

इंस्टामार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमितेश झा ने कहा कि कंपनी ने किराना से आगे बढ़कर दैनिक जीवन की आवश्यक सेवाओं को भी अपने प्लेटफॉर्म से जोड़ना शुरू किया है। एचपीसीएल के साथ यह साझेदारी उपभोक्ताओं को सुरक्षा और विश्वसनीयता के साथ एलपीजी की सुविधा उपलब्ध कराएगी।

इस सेवा की शुरुआत फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में बेंगलुरु में की जाएगी। इसके बाद एचपीसीएल चरणबद्ध तरीके से देश के अन्य शहरों में भी एचपी नव्या की उपलब्धता बढ़ाएगा। कंपनी का कहना है कि यह पहल नवाचार, डिजिटल परिवर्तन और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

 

Next Post

स्मार्ट सिटी की सड़कों पर मौत का जाल! भोपाल में खुली नालियां बन रहीं हादसों की वजह

Wed Jul 15 , 2026
भोपाल। स्मार्ट सिटी बनने की ओर बढ़ रहा है, लेकिन शहर की कई सड़कें आज भी लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बनी हुई हैं। एमपी नगर, न्यू मार्केट, कोलार रोड, रायसेन रोड, करोंद, लालघाटी, अयोध्या बायपास, वीआईपी रोड, प्रियंका नगर और एमपी रचना नगर समेत कई इलाकों में […]

You May Like