सीहोर। भाजयुमो द्वारा केंद्रीय बजट पर आधारित युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसका उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट के प्रावधानों को युवाओं तक सरल, स्पष्ट एवं प्रभावी रूप में पहुंचाना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोडऩा रहा.
युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने कहा कि केंद्रीय बजट युवाओं के लिए रोजगार सृजन, कौशल विकास, स्टार्टअप प्रोत्साहन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक बजट है. यह बजट युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोडऩे वाला है. कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संपूर्ण आयोजन युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र पाटीदार द्वारा किया गया. उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा का निरंतर प्रयास है कि केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाएं और नीतियां युवाओं तक पहुंचें और वह उनका अधिकतम लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनें.
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट देश के प्रत्येक वर्ग विशेषकर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने वाला है. युवाओं को संगठन के साथ जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए.
इसी प्रकार नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि यह बजट शहरों के विकास, बुनियादी सुविधाओं और युवाओं के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा. सन्नी महाजन ने युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे और सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर स्वयं के साथ समाज को आगे बढ़ाने का आह्वान किया. मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने भी युवाओं को संगठनात्मक मजबूती और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया. युवा संवाद के दौरान युवाओं के साथ रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास, स्टार्टअप एवं आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर चर्चा हुई. युवाओं ने प्रश्न पूछे, जिनका समाधान अतिथियों द्वारा किया गया.
