बजट 2026-27: 2166 करोड़ से संवरेगा जबलपुर शहर, गौर नदी का कायाकल्प और डुमना में 5-स्टार रिसॉर्ट

जबलपुर। शहर को महानगर बनाने का सपना साकार करने सोमवार को नगर निगम का ऐतिहासिक बजट पेश किया गया। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अब तक का सबसे बड़ा 21 अरब 66 करोड़ 27 लाख 7 हजार 820 रूपये का बजट पेश किया है। बजट में शहर को महानगर बनाने का रोड़ मैप प्रस्तुत किया गया है।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि बजट आय-व्यय का दस्तावेज नहीं बल्कि शहर के भविष्य का रोड़ मैप है। हमारा लक्ष्य केवल बजट को खर्च करना नहीं बल्कि शहर को आत्मनिर्भर बनाना है। महापौर ने कहा कि उनके साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में विकास कार्य पर 2600 करोड़ रूपये खर्च किये गए हैं। आने वाले डेढ़ वर्ष में शहर में 3000 करोड़ के कामों का भूमिपूजन कराया जायेगा। बजट में नगर निगम को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाए शामिल की गयी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने साढ़े तीन साल में किसी भी प्रकार का कर्ज नहीं लिया, जो नगर निगम की आर्थिक सुदृढता का प्रमाण है।

सौन्दर्यीकरण के साथ 5 स्टार रिसोर्ट, 64 पार्किंग भी बनेगी-

महापौर ने बताया कि 15 करोड़ से मुख्यमंत्री जी के जलगंगा अभियान के तहत् गौर नदी और माढ़ोताल का कायाकल्प हो रहा । इसके अलावा शहर में हर तरफ सौन्दर्यीकरण, जीर्णोद्वार के काम चल रहे है । एक वर्ष में हर घर नर्मदा जल पहॅुचेगा। इसके अलावा री-डेन्सीफिकेशन के 500 करोड़ से शहर संवरेगा। 100 ए.सी. बसों की सौगात मिलेगी। डुमना नेचर पार्क में 5 स्टार स्तर का रिसोर्ट बनाया जायेगा। शहर में 64 जगह पार्किंग बनेगी। वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का मेंटनेंस पूर्ण, प्रतिदिन 900 टन कचरे से बनाई जा रही बिजली, इसमें जबलपुर का 500 टन कचरा भी शामिल है। पार्षदों के अनुशंसा पर 90-90 लाख के कार्य होगे। इसके अलावा महापौर कप के अंतर्गत शहर में विभिन्न खेल प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है।लगातार सांस्कृतिक गतिविधियॉं आयोजित की जा रही है। शहर में 12 लाख पौधे भी लगाये जाएंगे।

अर्बन चैलेन्ज फंड से होंगे 1147 करोड़ के काम –

महापौर ने बताया कि अर्बन चैलेन्ज फंड के अंतर्गत 1147 करोड़ का प्रस्ताव शासन के पास प्रेषित किया गया है। इसके अंतर्गत 211 करोड़ से रानीताल तालाब के फ्रंट का विकास एवं झुग्गियों का पुनर्वास, 183 करोड़ से झुग्गियों का पुनर्वास एवं अफोर्डेवल हाउसिंग पर काम किया जायेगा। 28 करोड़ से तालाबों के फ्रंट का विकास एवं सिटी पार्क का निर्माण, 15 करोड़ से माढ़ोताल तालाब का जीर्णोद्धार, 47 करोड़ से गोकलपुर तालाब का विकास, 181 करोड़ से चंडालभाटा झुग्गि बस्ती का विकास, 5 करोड़ से गांधी स्मारक पार्क का विकास, 246 करोड़ से कम उपयोग होने वाली सार्वजनिक सम्पत्तियों का मुद्रीकरण किया जायेगा। 45 करोड़ से वॉटर सप्लाई सिस्टम को मजबूत बनाया जायेगा और 397 करोड़ से सीवर नेटवर्क का विकास किया जायेगा।

222 करोड़ से होगा बाढ़ नियंत्रण एवं वॉटर हार्वेस्टिंग काम

महापौर ने बताया कि 222 करोड़ की राशि से शहर में कई प्रकार के काम किये जायेगें, इसमें 100 करोड़ से नालों का निर्माण एवं सुधार कार्य, 42.57 करोड़ से तालाबों का जीर्णोद्धार, 20 करोड़ से रैन वॉटर हार्वेस्टिंग कार्य, 25 करोड़ से वर्षा जल को रोकने के लिए सिस्टम विकसित किया जायेगा, 4 करोड़ से मोबाइल पंपिंग स्टेशन की व्यवस्था की जायेगी, 3.63 करोड़ से शहर में फ्लड अर्ली वार्निंग सिस्टम, फ्लड मैनेजमेंट प्लांट, जल प्लावन से निपटने सेल का गठन और सफाई मित्रों एवं टेकनीकल स्टॉफ को ट्रेनिंग दिलाई जायेगी।

ये भी चल रहे काम –

सीवर की परेशानियों से राहत देने 190 करोड़ कार्य पूर्ण 80 हजार कनेक्शन जोड़े जा रहे। उमरिया में अत्याधुनिक गौशाला का निर्माण 10 करोड़, शहर को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने का अभियान तेज गति पर चल रहा । नगर निगम की 5 शालाओं एवं संस्कृत महाविद्यालय का स्मार्ट भवन बनाने के लिए निविदा जारी है। हर घर नर्मदा जल परियोजना अंतर्गत 312 करोड़ के कार्य मे 27 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है ।

इन कामों पर भी फोकस –

आदिशंकराचार्य चौक से गौरीघाट तक रेलवे से समझौते के उपरांत सडक़ का निर्माण, रानीताल तालाब के समीप लैण्डफिल साइट में ऑक्सीजन जोन और नगर वन का निर्माण, अंतर्राष्ट्रीय स्तर के स्वीमिंगपूल का निर्माण, अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के लिए प्रयास, नाले नालियों से पुरानी पाइप लाइन हटाने के लिए 10 करोड़ की योजना, 500 दुग्ध एवं डेली नीड्स पार्लर बनाये जाने का काम तेज , नर्मदा प्रसादम अत्याधुनिक चौपाटी का निर्माण, फिल्म सिटी निर्माण के लिए 1.25 करोड़ का प्रावधान, नए फायर स्टेशनों का निर्माण, 10 प्रमुख बाजारों को यूनिफॉर्म थीम पर सौदर्यीकरण करने की योजना समेत काम पर फोकस किया जा रहा है।

ये होंगे बड़े काम

अर्बन चैलेन्ज फंड के तहत् 1147 करोड़ से काम होगे। सीवर कार्य 755 करोड़ से होगे । इसके अलावा 500 करोड़ से री-डेन्सीफिकेशन, 250 करोड़ से सडक़, नाली, एवं अन्य कार्य, 222 करोड़ से जबलपुर शहर में बाढ़ नियंत्रण, सिटीज 2.0 – 200 करोड़ से होगे ।

पिछले 4 बजट पर एक नजर

2023-24 – 1400 करोड़
2024-25 – 1500 करोड़
2025-26 – 1800 करोड़
2026-27 – लगभग 2200 करोड़

Next Post

डिजिटल गवर्नेंस में MP का गौरव: देश में मिला दूसरा स्थान, सीएम डॉ यादव ने दी बधाई

Mon Mar 30 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डिजिटल गवर्नेंस में मध्यप्रदेश के देश में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे सद्प्रयासों को अब राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिल रही है। यह उपलब्धि सुशासन, पारदर्शिता, जनहितैषी और नागरिक-केंद्रित नीतियों के प्रति […]

You May Like