मंडला: छोटे से शहर मंडला ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा सीमाओं की मोहताज नहीं होती। जिले के महात्मा गांधी वार्ड, रंगरेजघाट निवासी अवंतिका तिवारी को भारतीय युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी सूची में अवंतिका का नाम शामिल होने के बाद जिले में हर्ष का माहौल है।
श्रष्टिधर तिवारी की सुपुत्री अवंतिका ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से मास कम्युनिकेशन में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है। शिक्षा के साथ-साथ उन्होंने कांग्रेस की शक्ति योजना में सक्रिय योगदान देते हुए संगठनात्मक क्षमताओं का परिचय दिया। उनके सतत प्रयासों और समर्पण का ही परिणाम है कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अवंतिका की इस उपलब्धि पर जिला कांग्रेस कमेटी सहित स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है। उनका यह चयन न केवल मंडला जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह युवाओं के लिए प्रेरणा भी है कि संकल्प, संघर्ष और सेवा के मार्ग पर चलकर राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है।
जिले में अवंतिका की सफलता को “बेटी से प्रेरणा” के रूप में देखा जा रहा है। उनका यह चयन निश्चित रूप से मंडला के युवाओं खासकर बालिकाओं को राजनीति एवं सामाजिक सेवा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
