दुबई, (वार्ता) इरफान पठान, वकार युनिस, तिलकरत्ने दिलशान, अजहर महमूद और मार्क बाउचर जैसे पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को आगामी अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (एपीएल) के लिए सपोर्ट स्टाफ सदस्यों के तौर पर शामिल किया गया हैं। ये भी एपीएल की फ्रैंचाइजी के लिए मेंटॉर की भूमिका में नजर आयेंगे।
सोमवार को पांच टीमों वाली इस लीग में कप्तानों, मुख्य कोचों और मेंटॉर्स की घोषणा की गई। दुबई में 3 नवंबर को ड्राफ़्ट भी आयोजित किया जाएगा। वनिंदु हसरंगा, रीज़ा हेंड्रिक्स, रोमारियो शेफ़र्ड, रोवमन पॉवेल, इमरान ताहिर, अक़ील हुसैन, मुश्फ़िक़ुर रहीम, मेहदी हसन मिराज़, कुशल परेरा, इमाम-उल-हक़, सईम अयूब, फ़ख़र ज़मान, चरित असलंका, लिटन दास, शाकिब अल हसन और साहिबज़ादा फ़रहान जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी इस ड्राफ़्ट का हिस्सा होंगे।
अफगानिस्तान के शीर्ष अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अजमतुल्लाह ओमरजई, रहमानुल्लाह गुरबाज़, रहमत शाह और इब्राहिम ज़दरान विभिन्न टीमों के कप्तान नियुक्त किए गए हैं। कप्तानों, मुख्य कोचों और मेंटॉर्स की सूची यह है:- कंधार वॉरियर्स: राशिद खान (कप्तान), रवि बोपारा (मुख्य कोच), इरफान पठान (मेंटॉर)। एक्सेल यूनाइटेड काबुल: अज़मतुल्लाह ओमरजई (कप्तान), शेन मक्डरमॉट (मुख्य कोच), निखिल चोपड़ा (मेंटॉर)। नंगरहार टीम: रहमानुल्लाह गुरबाज (कप्तान), टॉबी रैडफोर्ड, मार्क बाउचर (मेंटॉर)। पकतिया टीम: रहमत शाह (कप्तान), अजहर महमूद (मुख्य कोच), वक़ार युनिस (मेंटॉर)। बल्ख़ टीम: इब्राहिम ज़दरान (कप्तान), मिकी ऑर्थर (मुख्य कोच), तिलकरत्ने दिलशान (मेंटॉर)
कप्तानों और मुख्य कोचों का लाइन अप पिछले सप्ताह आयोजित किए गए लीडर्स ड्राफ़्ट में तय किया गया। इस ड्राफ़्ट की मेज़बानी पूर्व श्रीलंका ऑलराउंडर फरवेज़ माहरूफ़ ने पांच मेंटॉर्स के साथ की थी जिन्होंने दो राउंंड में अपने कप्तानों और कोच पिक किए।
अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बयान के अनुसार ड्राफ्ट के लिए लगभग 1500 अफगान और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था जिसमें 462 खिलाड़ियों को मंगलवार को होने वाले ड्राफ्ट के लिए चुना गया है। इन खिलाड़ियों को प्लैटिनम, डायमंड, गोल्ड, सिल्वर और इमर्जिंग श्रेणियों में चुना जाएगा।
नियमों के मुताबिक हर दल में 19 “सक्रिय खिलाड़ी” होंगे जिसमें 17 खिलाड़ी मुख्य ड्राफ़्ट से और दो अतिरिक्त खिलाड़ी सप्लीमेंट्री राउंड से चुने जाएंगे। टीम में कम से कम 12 अफ़ग़ानी या स्थानीय खिलाड़ी होंगे जबकि विदेशी खिलाड़ियों की संख्या न्यूनतम छह और अधिकतम सात हो सकती है। एकादश में विदेशी खिलाड़ियों की संख्या तीन से चार के बीच हो सकती है। एकादश में सात अफगानी/स्थानीय खिलाड़ी होने चाहिए जिसमें कम से कम एक इमर्जिंग खिलाड़ी होना चाहिए। खिलाड़ियों की सैलरी के लिए फ़्रैंचाइजी की बजट सीमा सात लाख 25 हज़ार अमेरिकी डॉलर तय की गई है।
ड्राफ्ट के अन्य नियम इस प्रकार हैं:- डायमंड श्रेणी के दो में से कम से कम एक खिलाड़ी अफ़ग़ानिस्तान से होना चाहिए। प्लैटिनम कैटेगरी में हर फ़्रैंचाइज़ी को कम से कम एक विदेशी खिलाड़ी और डायमंड कैटेगरी में कम से कम एक विदेशी खिलाड़ी चुनना होगा। पहले नौ ड्राफ़्ट सेलेक्शन में हर फ्रैंचाइजी को कम से कम तीन खिलाड़ियों को चुनना होगा। सपलीमेंट्री राउंड में एक अतिरिक्त खिलाड़ी को चुना जा सकता है लेकिन यह ध्यान में रखते हुए कि विदेशी खिलाड़ियों कुल संख्या सात से अधिक न हो। हर फ्रैंचाइजी के पास एक वाइल्ड कार्ड पिक होगा।
एसीबी ने 2018 में भी अफगानिस्तान प्रीमियर लीग लॉन्च किया था लेकिन पांच टीमों के बीच तब एक ही सीज़न खेला जा सका था। क्रिस गेल, ब्रेंडन मक्कलम और शाहिद अफ़रीदी जैसे खिलाड़ी इस लीग में खेले थे लेकिन वेतन के भुगतान और लीग की निष्पक्षता से जुड़े सवाल उठने के बाद इसे बंद कर दिया गया था।
हालांकि अभी तक वेन्यू को लेकर कोई औपचारिक अपडेट नहीं है लेकिन नए सिरे से शुरू हो रहे अफगानिस्तान प्रीमियर लीग का पहला संस्करण अफगानिस्तान के बजाय यूएई में खेला जाएगा।
