इंदौर: दीपावली पर पटाखों की बिक्री के लिए लाइसेंस और सुरक्षित भंडारण के नियम तय हैं, लेकिन हीरानगर के श्याम नगर में एक व्यक्ति ने अपने घर के बरामदे को ही पटाखों की दुकान बना रखा था. रहवासी इलाके में बड़ी मात्रा में पटाखे जमा कर वह खुलेआम बिक्री कर रहा था. पुलिस ने सूचना मिलने पर दबिश दी तो बरामदे में पटाखे बेचता मिला. जांच में बिक्री और भंडारण का लाइसेंस नहीं मिला. पुलिस ने करीब एक लाख रुपए कीमत के पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त कर दुकानदार को हिरासत में लिया है.
कार्रवाई श्याम नगर मेन में की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि मनोज नाम का व्यक्ति घर में बड़ी मात्रा में पटाखे जमा कर बेच रहा है. टीम मौके पर पहुंची तो घर के बरामदे में पटाखों की दुकान सजी मिली. पुलिस ने उससे लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका. इसके बाद पुलिस ने वहां रखी सामग्री जब्त कर मनोज पिता हरिशंकर, उम्र 50 वर्ष, निवासी श्याम नगर मेन के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया. एसीपी रुबीना मिजवानी ने बताया कि दीपावली के दौरान अवैध पटाखों का भंडारण और बिना लाइसेंस बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. रहवासी इलाकों में इस तरह पटाखे जमा करना गंभीर हादसे का कारण बन सकता है. ऐसे मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी.
