इंदौर:पुलिस विभाग में वर्षों तक सेवाएं देने के बाद सोमवार को इंदौर पुलिस के सात अधिकारी और कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए. इस अवसर पर पलासिया स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय के सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया. इसमें पुलिस अधिकारियों ने सेवानिवृत्त साथियों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिह्न और पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया.
सेवानिवृत्त होने वालों में उप निरीक्षक मांगीलाल सोलंकी, अशोक कुमार धुर्वे, भगवान सिंह राजपूत, हरिद्वार गुजरभोज, सहायक उप निरीक्षक हजारीलाल, प्रधान आरक्षक राधेश्याम वर्मा और भगवती प्रसाद लडिया शामिल हैं. समारोह में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) सीमा अलावा और सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) प्रीति जैन तिवारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन मौजूद रहे.
इस दौरान सीमा अलावा ने कहा कि सभी ने चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के बीच अपना अमूल्य समय देकर जनता की सेवा की है. अब उन्हें अपने स्वास्थ्य और परिवार को समय देना चाहिए तथा जीवन की नई पारी को रचनात्मक गतिविधियों के साथ बिताना चाहिए. अधिकारियों ने सेवानिवृत्त साथियों को समय और पूंजी के सही निवेश के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया. साथ ही भरोसा दिलाया कि पुलिस परिवार से उनका जुड़ाव आगे भी बना रहेगा और वे अपने अनुभवों से विभाग के साथियों का मार्गदर्शन कर सकेंगे. इस दौरान सेवानिवृत्त अधिकारियों ने सेवाकाल के यादगार और खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए. अंत में साथियों से मिलकर सभी ने भावुक मन से विदाई ली.
