इंदौर: किसानों की समस्याओं के प्रति सरकार की बेरुखी के खिलाफ पूरे प्रदेश में संयुक्त किसान मोर्चा के आव्हान पर किसानों ने प्रदर्शन कर ज्ञापन दिए. इसी के तहत इंदौर में भी कलेक्टर कार्यालय पर विभिन्न संगठनों से जुड़े किसानों ने प्रदर्शन कर प्रदेश और स्थानीय स्तर की मांगों का ज्ञापन सौंपा. मुख्यमंत्री के नाम इस ज्ञापन में किसान संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी समस्याओं के प्रति बेरुखी कायम रखी तो 27 अक्टूबर को प्रदेश के कोने-कोने से हजारों किसान भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे.
आज के इस प्रदर्शन का नेतृत्व रामस्वरूप मंत्री, बबलू जाधव, अरुण चौहान, शैलेंद्र पटेल, चंदन सिंह बड़वाया और सोनू शर्मा ने किया. प्रदर्शन में संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े संगठन किसान संघर्ष समिति, अभा किसान सभा, भारतीय किसान मजदूर सेना, अभा किसान खेत मजदूर संगठन, आदिवासी किसान सभा और किसान सभा से जुड़े किसानों ने भागीदारी की.
कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कुछ वर्षों से प्रदेश का अन्नदाता लगातार प्राकृतिक आपदाओं, बाजार में गिरते दामों, बीमा कंपनियों की मनमानी और सरकारी योजनाओं की विफलताओं के चलते गहरे आर्थिक संकट से जूझ रहा है. हाल ही में अतिवृष्टि और फसल खराब होने के कारण कई किसानों को आत्महत्या जैसे कठोर कदम उठाने के लिए विवश होना पड़ा है, जो अत्यंत दुखद और चिंताजनक है.
