लॉस एंजेल्स, 11 फरवरी (वार्ता) प्राइम वीडियो ने अनिल कपूर (स्लमडॉग मिलियनेयर) और राधिका मदान (द मैन हू फील्स नो पेन) अभिनीत एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘सूबेदार’ के वैश्विक प्रीमियर की घोषणा की है। साथ ही इस फिल्म का टीजर भी जारी किया है। ‘तुम्हारी सुलु’, ‘जलसा’ और ‘दलदल’ के लिए मशहूर सुरेश त्रिवेणी निर्देशित इस फिल्म का निर्माण विक्रम मल्होत्रा, अनिल कपूर और त्रिवेणी ने ‘ओपनिंग इमेज फिल्म्स’ के जरिये ‘अनिल कपूर फिल्म एंड कम्युनिकेशन नेटवर्क’ के सहयोग से किया है। यह फिल्म ‘सूबेदार अर्जुन मौर्य’ की कहानी है, जो एक सेवानिवृत्त सैनिक है और एक ऐसी दुनिया में अपना रास्ता बना रहा है जहां उसके पारंपरिक मूल्य आधुनिक चुनौतियों से टकराते हैं। कपूर का किरदार पारिवारिक रिश्तों के तनाव को संभालते हुए अपराध और भ्रष्टाचार का सामना करता है। भारत के ग्रामीण परिवेश पर आधारित इस फिल्म को सामाजिक पतन के बीच सम्मान की एक सिनेमाई, साहसी और गहन खोज के रूप में वर्णित किया गया है।
फिल्म की पटकथा त्रिवेणी और प्रज्वल चंद्रशेखर ने लिखी है। सहायक कलाकारों में सौरभ शुक्ला, आदित्य रावल, फैसल मलिक और मोना सिंह हैं। वेरायटी के अनुसार, प्राइम वीडियो इंडिया के ‘निर्देशक और ओरिजिनल्स प्रमुख’ निखिल मधोक ने कहा, “‘सूबेदार’ एक रोमांचक और जोश से भरी एक्शन फिल्म होने के साथ-साथ पिता-पुत्री की बेहद भावुक कहानी भी है। इसमें अनिल कपूर का जबरदस्त प्रदर्शन है, जो एक ऐसे एक्शन हीरो की भूमिका निभा रहे हैं, जिसे लोग शुरुआत से ही पसंद करने लगेंगे।” उन्होंने आगे कहा, “हमें ‘सूबेदार’ के लिए सुरेश त्रिवेणी, अनिल कपूर, विक्रम मल्होत्रा और पूरी टीम के साथ सहयोग करने पर गर्व है और हम इसे भारत और दुनिया भर के दर्शकों के सामने लाने के लिए उत्सुक हैं।”
ओपनिंग इमेज फिल्म्स के साझेदार और प्रोजेक्ट के निर्माता विक्रम मल्होत्रा ने फिल्म के बारे में बताया कि इसमें “एक ऐसा मुख्य चरित्र है, जो पहले कभी नहीं देखा गया। जो सेवा, अनुशासन और त्याग से बना है।” उन्होंने आगे कहा कि यह सहयोग कहानी की दुनिया को प्रामाणिक रूप से निर्मित करने के लिए सही रचनात्मक आवाजों को एक मंच पर लाया है। मल्होत्रा ने कहा, “सुपरस्टार और ऊर्जावान अभिनेता अनिल कपूर के केंद्र में होने से यह फिल्म दर्शकों को प्राइम वीडियो पर विशेष रूप से एक ऐसा सम्मोहक सिनेमाई अनुभव प्रदान करती है, जो पहले कभी नहीं मिला।” ‘सूबेदार’ हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में उपलब्ध होगी और इसका प्रीमियर 5 मार्च को प्राइम वीडियो पर होगा।

