लखनऊ, 24 फरवरी (वार्ता) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइज़ी लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने मंगलवार को अपने नए लोगो का अनावरण किया। टीम प्रबंधन के अनुसार यह केवल एक नया डिज़ाइन नहीं, बल्कि शहर, प्रदेश और प्रशंसकों की भावनाओं का प्रतीक है। नए लोगो में तीन प्रमुख चिन्ह गरुड़, मुकुट और हाथी को समाहित किया गया है, जो लखनऊ और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और मूल्यों को दर्शाते हैं।
गरुड़ साहस और ऊँचा उठने की आकांक्षा का प्रतीक है, जो टीम के निडर और आक्रामक क्रिकेट को दर्शाता है। मुकुट गर्व और जिम्मेदारी का प्रतीक है, जो यह याद दिलाता है कि टीम मैदान पर उतरते समय लाखों प्रशंसकों की उम्मीदों का प्रतिनिधित्व करती है। लोगो के केंद्र में स्थित हाथी शक्ति, बुद्धिमत्ता, धैर्य और एकता का प्रतीक है, जो प्रशंसकों के अटूट समर्थन को दर्शाता है।
टीम के मालिक एवं आरपीएसजी ग्रुप के वाइस चेयरमैन शास्वत गोयनका ने कहा कि नया लोगो टीम और प्रदेश के बीच भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह केवल पहचान में बदलाव नहीं, बल्कि शहर के सम्मान, जड़ों से जुड़े रहने और पूरे समर्पण के साथ प्रतिस्पर्धा करने का एक वादा है।
नया लोगो अब टीम की जर्सी, मर्चेंडाइज, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और आधिकारिक ब्रांडिंग में उपयोग किया जाएगा। टीम प्रबंधन का कहना है कि यह एकता, महत्वाकांक्षा और अपनत्व पर आधारित नए अध्याय की शुरुआत है।
